पंजाब/यूटर्न/28 जुलाई: अपनी सुंदरता से बड़े-बड़े खिताब जीत चुकी पूर्व मिसेज चंडीगढ़ को पुलिस ने करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी मामले में गिरफतार किया है। पुलिस ने पूर्व मिसेज चंडीगढ़ अर्पणा सरगोता और उसके बेटे कुणाल नागपाल को भी गिरफतार किया है। वहीं, आरोपी अर्पणा सरगोता का पति संजय पहले से ही जेल में बंद है। अर्पणा ने वर्ष 2019 में 40 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में मिसेज चंडीगढ़ का खिताब जीता था। पुलिस ने अर्पणा सरगोता व उसके बेटे को विदेश भेजने के नाम पर लोगों से करोड़ों रुपये ठगी के आरोप में गिरफतार किया है। दोनों को मोहाली के फेज-11 थाना पुलिस ने गिरफतार किया है। वहीं इसी मामले में महिला का पति पहले से गिरफतार है। एसपी सिटी-2 हरसिमरन सिंह बल ने बताया कि एसएचओ फेज-11 थाना गगनदीप सिंह और उनकी टीम ने गुप्त सूचना पर आरोपी अर्पणा सरगोता और उसके बेटे कुणाल नागपाल को गिरफतार किया है। उन्होंने बताया कि इन आरोपियों के खिलाफ विदेश भेजने के नाम पर ठगी करने के कई मामले दर्ज हैं। आरोपियों ने भोले-भाले लोगों को विदेश भेजने के सपने दिखाकर उनसे लाखों रुपये ठगे हैं। बाद में न तो उन्हें विदेश भेजा और न ही उनके पैसे वापस किए थे। इस पर इनके खिलाफ थाना फेज-11 में केस दर्ज किए गए थे। पुलिस ने इनके पास से आधा किलो सोने के बिस्किट और सात लाख रुपये बरामद किए हैं।
आरोपियों पर इमिग्रेशन फ्रॉड के 25 केस दर्ज
एसएचओ गगनदीप सिंह ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ इमिग्रेशन फ्रॉड के 25 केस दर्ज हैं। मामले का मुख्य आरोपी संजय पहले ही जेल में है, लेकिन उसकी पत्नी और बेटा दोनों लंबे समय से फरार चल रहे थे। वहीं, अब जाकर पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद छापेमारी करते हुए दोनों आरोपियों को काबू किया गया था। उन्होंने बताया कि ठगे हुए पैसों से यह आरोपी सोने के बिस्किट खरीद लेते थे। गिरफतारी के बाद आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने 500 ग्राम सोने के बिस्किट और सात लाख रुपये कैश भी बरामद किया है। इसके अलावा इनके पास से एक फोर्ड की ईको स्पोट गाड़ी भी बरामद हुई है।
—————
