मुख्मयंत्री ने कहा, पर्यावरण के साथ संतुलन के लिए ऐसे प्रयास निहायत जरूरी
कुरुक्षेत्र, 10 अगस्त। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने यहां एक अहम पहल की है। उन्होंने यहां सरस्वती आर्द्रभूमि जलाशय, सरस्वती पादप व जैव विविधता संरक्षण वाटिका और सरस्वती जंगल सफारी का शिलान्यास भी किया।
इसके अलावा, सीएम ने ‘त्रिफला’ पुस्तिका का भी विमोचन किया। इस अवसर पर उन्होंने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का भी संदेश दिया। समारोह में वन विभाग द्वारा तैयार हरियाणा और कुरुक्षेत्र वाइल्ड लाइफ मैप के अलावा 5 पुस्तकों का विमोचन किया। सैनी ने कहा कि प्रकृति और पर्यावरण का संरक्षण केवल एक सरकारी पहल नहीं, बल्कि हर नागरिक की जिम्मेदारी है। आधुनिक विकास की रफ्तार के बीच हमें यह नहीं भूलना चाहिए कि जीवन का आधार वनों और पेड़ों से ही है।
सीएम ने जोर देकर कहा कि जलवायु परिवर्तन, अनियमित वर्षा और बढ़ते तापमान जैसी समस्याओं का समाधान बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण और उनके संरक्षण से ही संभव है। प्रदेश सरकार ने इस दिशा में कई महत्वाकांक्षी लक्ष्य निर्धारित किए और विभिन्न पहलों के तहत प्रदेश में 2 करोड़ 10 लाख पौधे लगाए जाएंगे। वह स्योंसर में आयोजित 76वें राज्य स्तरीय वन महोत्सव को संबोधित कर रहे थे। इससे पहले, सैनी ने कहा कि 76वें राज्य स्तरीय वन महोत्सव का यह आयोजन केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति कृतज्ञता, दायित्व और आने वाली पीढ़ियों का खुशहाल भविष्य सुनिश्चित करने के संकल्प का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि आज जब हम आधुनिकता की दौड़ में तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। ऐसे में वन महोत्सव इसी बात की याद दिलाता है कि विकास की दौड़ में हम प्रकृति का शोषण ना करें, बल्कि उसके साथ मिलकर रहना सीखें।
———-