watch-tv

बड़े विवाद में रहे कंबोज अब हाथी पर सवार 

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

Listen to this article

ऐसी ही है सियासी-डगर :  आप विधायक के पिता सुरिंदर कंबोज फिरोजपुर से बने बसपा के लोकसभा प्रत्याशी

जलालाबाद 8 अप्रैल। जलालाबाद से आम आदमी पार्टी के विधायक जगदीप कंबोज गोल्डी का परिवार फिर सुर्खियों में आ गया है। उनके पिता ने लोकसभा चुनाव में आप को नकार बहुजन समाज पार्टी के हाथी पर सवार होना बेहतर समझा। बसपा ने भी झटपट उनको फिरोजपुर से अपना लोस प्रत्याशी घोषित कर दिया।

बसपा के पंजाब, हरियाणा व चंडीगढ़ के प्रभारी रणधीर सिंह बैनीवाल ने इसका ऐलान किया। उनका दावा है कि जल्द ही पंजाब की सभी सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा कर दी जाएगी। सभी उम्मीदवारों के पैनल पर अंतिम मुहर बसपा सुप्रीमो कुमारी मायावती जल्द लगा देंगी। वहीं, बसपा के प्रदेश अध्यक्ष जसवीर सिंह गढ़ी ने दावा किया कि सुरिंदर कंबोज स्वयं सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र से जुड़े हुए हैं और समाज में गहरी पकड़ रखते हैं।

नवांशहर से बसपा विधायक डॉ. नछत्तर पाल ने तंज कसा कि विधायक गोल्डी के पिता का पंजाब सरकार से मोहभंग हो गया है। अब आम लोगों का क्या होगा, यह लोकसभा चुनाव के नतीजों में स्पष्ट हो जाएगा। यहां काबिलेजिक्र है कि सुरिंदर कंबोज एक बड़े विवाद के चलते सुर्खियों में आए थे। विधायक के पिता होने के बावजूद पुलिस ने अन्य आरोपियों सहित उनके खिलाफ एक अपराधिक मामला दर्ज किया था। माना जा रहा है कि उसी केस की वजह से कंबोज सूबे की आप सरकार से खफा चल रहे थे और उन्होंने बसपा में शामिल होकर आप को सियासी-झटका दिया है।

————

Leave a Comment