हरियाना/यूटर्न/23 नवंबर: मुखयमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा की नई सरकार का गठन हो गया है। मंत्रियों के बीच विभागों का बंटवारा भी हो गया है। विभागों का बंटवारा होने के बाद हरियाणा सरकार एक्शन मोड में हैं। अब मंत्रियों को आवंटित बंगलों और दफतरों का नवीनीकरण किया जाना है। मुखयमंत्री निवास समेत मंत्रियों के बंगलों और दफतरों का नवीनीकरण 15 करोड़ रुपये की लागत से होगा। हरियाणा विधानसभा ने साल 2024 -25 में 15 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी है। भारी भरकम खर्च को अनुपूरक अनुमानों की पहली किस्त में शामिल किया गया था। हरियाणा में मुखयमंत्री सहित 14 मंत्री हैं। बीजेपी सरकार का गठन होने के बाद नये सिरे से बंगले और दफतर आवंटित किये गये हैं। 14 मंत्रियों में से सिर्फ अनिल विज ने आधिकारिक आवास लेने से इंकार किया है। कुछ सालों में मंत्रियों के बंगलों का नवीनीकरण करने पर करोड़ों रुपये खर्च किए गए हैं।
मंत्रियों के बंगलों और दफतरों का होगा नवीनीकरण
आंकड़ों के मुताबिक पिछली बीजेपी सरकार में मंत्रियों के बंगलों का नवीनीकरण करने पर 21 करोड़ रुपये की भारी राशि खर्च की गयी थी। पूर्व उपमुखयमंत्री दुष्यंत चौटाला के सरकारी बंगले का नवीनीकरण चार बार हुआ। 2020-21, 2021-22, 2022-23 और 2023-24 के बीच 3.52 करोड़ रुपये खर्च कर दुष्यंत चौटाला के बंगले का नवीनीकरण किया गया था।
15 करोड़ के बजट को विधानसभा से मिली मंजूरी
जबकि पूर्व मंत्री संदीप सिंह के बंगले पर 2.50 करोड़ खर्च हुए थे। पूर्व मंत्री देवेंद्र सिंह बबली के बंगले पर साल 2022-23 और 2023-24 में 1.42 करोड़ रुपये का खर्च आया था। बता दें कि नवीनीकरण की जिम्मेदारी लोक निर्माण विभाग के मातहत आती है। हरियाणा में 5 अक्टूबर को मतदान हुआ था और 8 अक्टूबर को नतीजे सामने आए थे। विधानसभा चुनाव में बीजेपी को शानदार जीत मिली। अब मंत्रियों के बंगलों और दफतरों का 15 करोड़ की लागत से साज सज्जा किया जाना है।
————–
