watch-tv

लोकसभा चुनाव के रिजल्ट का जश्न मनाएंगे दिल्ली के बाजार, चांदनी चौक समेत अन्य प्रमुख बाजारों में लगेंगी स्क्रीन

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

Listen to this article

मतगणना से जुड़ी खबरों का होगा लाइव प्रसारण, जीत पर मनेगा जश्न
मुंह मीठा कराने के लिए मिठाईयों के दिए जा रहे आॅर्डर

नई दिल्ली/ 03 जून।
लोकसभा चुनाव की चार जून को होने वाली मतगणना को लेकर तैयारियां जोरों पर है। बाजार भी परिणामों का जश्न मनाने को तैयार है। एग्जिट पोल ने बाजार को मोदी सरकार के स्पष्ट बहुमत को लेकर आश्वस्त किया है। इसे देखते हुए बाजारों में विशेष तैयारियां चल रही है। एलईडी स्क्रीन लगाकार परिणामों का सुबह से लाइव प्रसारण के साथ जश्न की तैयारी है।
मिठाईयों के दिए जा रहे आॅर्डर
साथ ही मुंह मीठा कराने के लिए मिठाईयों के आॅर्डर भी दिए जा रहे हैं। प्रचार में जुटे रहे नेताओं को भी सम्मानित करने पर जोर है। एग्जिट पोल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लगातार तीसरी बार बहुमत से सरकार बनाने की भविष्यवाणी की है। किसी-किसी पोल ने भाजपानीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) को 400 पार का आंकड़ा भी दिया है।
बाजार इसे अर्थव्यवस्था के लिए काफी सकारात्मक मान रहा है, क्योंकि इससे सरकार की ओर से चल रहे आर्थिक सुधार के कदमों को गति मिलेगी। साथ ही मेक इन इंडिया व स्टार्टअप इंडिया जैसे अभियानों से देश की अर्थव्यवस्था को उछाल मिलेगा। जीएसटी के साथ बैंक के कारोबारियों को सस्ते ऋण में आने वाली परेशानियों में भी राहत मिलने की उम्मीद है।
देश में स्थिर और निर्णायक सरकार हो
कंफेडरेशन आॅफ आॅल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के प्रदेश महासचिव देवराज बवेजा के अनुसार, बाजार इस चुनाव से काफी आस लगाए हुए हैं, क्योंकि पिछले 10 वर्षों में देश का विकास अतुलनीय है। इसे और आगे जाना है। इसके लिए जरूरी है कि देश में स्थिर और निर्णायक सरकार हो। इसलिए बाजार ने एग्जिट पोल के रूझानों को सकारात्मक तरीके से लिया है। वह भी परिणामों का जश्न मनाने को तैयार है।
उन्होंने बताया कि इसलिए भी महापर्व के परिणामों को लेकर कारोबारियों में दिलचस्पी है। चांदनी चौक, सदर बाजार, चावड़ी बाजार, करोलबाग, साउथ एक्स व मयूर विहार समेत राष्ट्रीय राजधानी के करीब 20 से अधिक प्रमुख बाजारों में एलईडी स्क्रीन लगाकर चुनाव परिणामों का लाइव प्रसारण किया जाएगा। इसके लिए बकायदा लोगों के बैठने और पेयजल की व्यवस्था की जाएगी।
फेडरेशन आॅफ सदर बाजार ट्रेडर्स एसोसिएशन (फेस्टा) के महासचिव राजेंद्र शर्मा के अनुसार, अभी देश जिस स्थिति में खड़ा है, वह निर्णायक स्थिति है। उसमें देश को आगे ले जाने वाली सरकार चाहिए, जिसके लिए बड़े सुधारवादी फैसले जरूरी है। इसलिए,मजबूत सरकार जरूरी है।
बाजार में लगाई जाएगी स्क्रीन
उन्होंने कहा कि व्यापारियों ने सारे तथ्यों को ध्यान में रखकर मतदान किया है। अब हम सभी उसका जश्न मनाने को तैयार हैं। बाजार में स्क्रीन लगाई जाएगी। दिल्ली हिंदुस्तानी मर्केंटाइल एसोसिएशन के महासचिव श्रीभगवान बसंल ने कहा कि चांदनी चौक में बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाकार कपड़ा कारोबारी महापर्व का जश्न मनाएंगे।
भाजपा की विजय कामना को लेकर सुंदरकांड पाठ चांदनी चौक सहित दिल्ली की सभी सातों सीटों पर भाजपा की जय – विजय की कामना के साथ मतगणना की पूर्व संध्या पर दिल्ली में कई स्थानों पर सुंदरकांड पाठ का आयोजन भी किया जा रहा है। सोमवार की शाम में कई मंदिरों और घरों में यह आयोजन होंगे, जिसमें सुंदरकांड का पाठ व श्री हनुमान चालीसा का गान आयोजित किया जाएगा।

Leave a Comment