watch-tv

चंडीगढ़ : बेहद शर्मनाक है, पंजाब की जेल में गैंगस्टर लारेंस का इंटरव्यू होना : राजा वड़िंग

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

Listen to this article

कांग्रेस प्रदेश प्रधान का सवाल, सरकार, जेल प्रशासन स्पष्टीकरण दे, यह इंटरव्यू कैसे प्रायोजित किया गया

चंडीगढ़ 11 जुलाई। पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष और लुधियाना के सांसद अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का 2023 के दौरान जेल में इंटरव्यू का मुद्दा उठाया है। उन्होंने कहा कि पंजाब पुलिस की एक विशेष जांच टीम द्वारा इस बात की पुष्टि की गई है।

वड़िंग ने कहा कि पंजाब पुलिस की एसआईटी ने पंजाब और हरियाणा उच्च न्यायालय में बताया कि 2023 में गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का वायरल इंटरव्यू वास्तव में पंजाब के भीतर आयोजित किया गया था। जैसा कि हम साक्षात्कार प्रसारित होने के बाद से दावा कर रहे हैं। हालांकि पंजाब पुलिस और पंजाब में आप सरकार दोनों ने बार-बार इसका खंडन कर दावा किया था कि साक्षात्कार पंजाब में नहीं हुआ था।

उन्होंने आगे कहा कि ना केवल इंटरव्यू पंजाब में आयोजित किया गया था, बल्कि यह पंजाब की जेल की सीमा के भीतर भी हुआ था। अपराधियों के हाथों में ऐसी शक्ति देखना बेहद शर्मनाक है। यह निराशाजनक है कि डीजीपी गौरव यादव जैसे सम्मानित अधिकारी को सरकार ने यह दावा करने के लिए बहकाया कि साक्षात्कार पंजाब में नहीं हुआ था।

वड़िंग ने कहा कि मैंने इस मुद्दे को कई बार उठाया है और आगे भी उठाता रहूंगा। पंजाब की जेल के भीतर ऐसा इंटरव्यू कैसे हो सकता है? अब मैं मुख्यमंत्री से स्पष्टीकरण मांगता हूं, जिन्होंने पहले हमारे आरोपों को खारिज कर दिया था और पूरे विश्वास के साथ कहा था कि पंजाब पुलिस की जेल के भीतर ऐसा इंटरव्यू असंभव है। उन्होंने यह भी कहा कि जब पंजाब सरकार लॉरेंस बिश्नोई जैसे अपराधी के साथ मिलीभगत करती दिखती है, तो सिद्धू मूसेवाला और उसके परिवार को न्याय कैसे मिल सकता है ?

सांसद वड़िंग ने कहा कि यह मुद्दा जवाबदेही और कड़े सुरक्षा प्रोटोकॉल की तत्काल आवश्यकता को रेखांकित करता है। ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि इस तरह के उल्लंघन फिर से न हों। पारदर्शिता और न्याय के लिए गंभीर प्रयास किए जाने की आवश्यकता है, ताकि प्रशासन के भीतर प्रणालीगत मुद्दों का समाधान किया जा सके।

————

Leave a Comment