प्रशासनिक अधिकारी और आप के कौंसलर तो रहे मौजूद रहे, पार्टी विधायकों की गैर-मौजूदगी पर सवालिया निशान
लुधियाना, 4 जुलाई। पंजाब की आप सरकार की कैबिनेट मंत्री बने लुधियाना वैस्ट के विधायक संजीव अरोड़ा शुक्रवार
को लुधियाना पहुंचे। यहां उनको सर्किट हाउस में देर शाम गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इस दौरान ‘प्रोटोकॉल’ के तहत वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों के अलावा आम आदमी पार्टी के कौंसलर भी मौजूद रहे। हालांकि इस दौरान प्रेस कांफ्रेंस के दौरान भी लुधियाना शहर के तमाम आप विधायक नदारद रहे।
यहां गौरतलब है कि लुधियाना शहर के सभी विधानसभा हल्कों में आप के विधायक हैं। इनमें लुधियाना सेंट्रल से अशोक पराशर पप्पी, आत्मनगर से कुलवंत सिंह सिद्धू, लुधियाना नॉर्थ से चौधरी मदन लाल बग्गा, लुधियाना ईस्ट से दलजीत सिंह गरेवाल भोला, लुधियाना वैस्ट से राजिंदर पाल कौर छीना शामिल हैं। इसे संयोग कहें या कोई नाराजगी कि ये सारे आप विधायक पहली बार महानगर से बने उद्योग मंत्री अरोड़ा के शपथ लेने के बाद शहर में पहुंचने पर नजर नहीं आए। अब इसे लेकर सियासी-हल्कों में चर्चाएं हो रही है कि आखिर माजरा क्या है ?
महकमा संभालते ही उद्योग मंत्री अरोड़ा का ऐलान,
लुधियाना को जल्द मिल जाएगा एग्जिबिशन सेंटर :
पंजाब के उद्योग मंत्री संजीव अरोड़ा ने महकमे का चार्ज संभालते ही सबसे पहले औद्योगिक-नगरी लुधियाना के उद्यमियों के दर्द को समझा। उन्होंने ऐलान किया कि जल्द ही लुधियाना को उसको अपना एग्जिबिशन सेंटर मिल जाएगा। उन्होंने साफ संकेत दिए कि भविष्य में लुधियाना की दाना मंडी और होटलों में एग्जिबिशंस लगाने की जरुरत नहीं पड़ेगी। यहां काबिलेजिक्र है कि शनिवार को ही लुधियाना में एग्जिबिशन लगनी है, जिसमें गारमेंट्स के साथ ही अन्य ट्रेड के कारोबारी भी हिस्सा लेंगे। जबकि इसी महीने के दौरान यहां चार-पांच और बड़ी एग्जिबिशंस लगनी हैं।
चुनाव में सारे विधायक डटे थे प्रचार में :
यहां काबिलेजिक्र है कि लुधियाना वैस्ट से पिछले विस चुनाव में जीते आप विधायक गुरप्रीत गोगी के निधन के बाद इस सीट पर उप चुनाव हुए थे। जिसमें आप ने अपने राज्यसभा सांसद संजीव अरोड़ा को उम्मीदवार बनाया था। चुनाव प्रचार के दौरान लुधियाना शहरी इलाके ही नहीं, आसपास के विस हल्कों के आप विधायक-मंत्री तक अरोड़ा के हक में लगातार यहां डटे रहे थे। अब, अरोड़ा के मंत्री पद की शपथ लेकर पहली बार महानगर में आने पर शहरी विधायकों की ही गैर-मौजूदगी को लेकर पार्टी वर्करों के अलावा विपक्षी दलों के बीच भी चर्चाएं हो रही हैं।
चंडीगढ़ में मंत्री अरोड़ा ने संभाला कार्यभार :
शुक्रवार को मान कैबिनेट में शामिल हुए मंत्री संजीव अरोड़ा ने उद्योग, एनआरआई और इन्वेस्टमेंट महकमों का कार्यभार संभाला। इस मौके पर सत्ताधारी आम आदमी पार्टी के कई विधायकों के अलावा कई मंत्री भी मौजूद रहे। इनमें सूबे के मंत्री गुरमीत सिंह खुंडिया, डॉ.बलबीर सिंह, लालजीत सिंह भुल्लर प्रमुख रहे।
———–