जालंधर 6 अक्टूबर। पंजाबी फिल्मों की अभिनेत्री तानिया ने हाल ही में अपने पिता डॉ. अनिल जीत सिंह कंबोज पर हुए हमले के बाद अपने जज्बात साझा किए हैं। डॉ. कंबोज को इस साल जुलाई में मोगा जिले के कोट ईसे खां स्थित उनके क्लिनिक पर 2 व्यक्तियों द्वारा गोली मार दी गई थी। पुलिस के अनुसार डॉ. कंबोज की छाती और बांह पर गोलियां लगी थीं। मोगा एसएसपी अजय गांधी ने बताया कि पुलिस अभी भी अपराध के कारणों का पता लगाने की कोशिश कर रही है। जांचकर्ताओं के मुताबिक हमलावर घटना को अंजाम देने के बाद एक मोटरसाइकिल पर फरार हो गए थे। यह भी सामने आया है कि हमलावर घटना से पहले क्लिनिक के आसपास घूमते देखे गए थे।
एक्ट्रेस तानिया कंबोज ने साझा किया भावुक पोस्ट
अभिनेत्री तानिया ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा करते हुए पिता पर हुए हमले के बाद के 3 महीनों की चुनौतीपूर्ण और भावनात्मक यात्रा को बताया। उन्होंने लिखा कि जिंदगी ने उन्हें ऐसे मोड़ से गुजारा जहां उन्होंने कभी सोचा भी नहीं था, जैसे कि आईसीयू, ओटी और वेटिंग रूम। उन्होंने कहा कि कैसे उनकी जिंदगी स्टूडियो लाइटों से आईसीयू तक बदल गई और कैसे उन्होंने स्क्रिप्ट, लिपस्टिक शेड्स या कैमरों के बारे में बात करना बंद कर दिया, बल्कि ट्रेकियोस्टोमी, गट ब्लीड, टीएलसी काउंट्स और ब्लड यूनिट्स के बारे में बात करती थीं।
—