हत्यारों ने रोकने को रखा था डिपर सिग्नल, पास खड़े होकर कराया कत्ल
पति, प्रेमिका समेत छह काबू, महिला मानवी की बॉडी पर मिली 2 दर्जन के करीब चोटें
(राजदीप सिंह सैनी)
लुधियाना 17 फरवरी। डेहलों बाइपास के पास शनिवार रात बैटरी कारोबारी व आप वर्कर अनोख मित्तल और उसकी पत्नी मानवी मित्तल पर कुछ हथियारबंदों द्वारा हमला किया गया था। हमले में मानवी की मौत हो गई थी। इस मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। यह वारदात मानवी के पति अनोख द्वारा सुपारी किलरों के जरिए करवाई थी। अनोख के अपने ऑफिस में काम करने वाली लड़की के साथ अवैध संबंध थे। इसी कारण उसने पत्नी मानवी को रास्ते से हटाने के लिए वारदात की और बाद में उसे लूट बताया। लेकिन पुलिस ने जांच के दौरान पुलिस मामले का खुलासा किया। आरोपियों को अलग अलग जगह से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने नौलखा कॉलोनी के अनोख मित्तल, जमालपुर अमन नगर के प्रतिक्षा, साहनेवाल नंदपुर के अमृतपाल सिंह उर्फ बली, गुरदीप सिंह उर्फ मान, सोनू सिंह उर्फ सोनू और ढंडारी कलां के सागरदीप सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि ढंडारी कलां का गुरप्रीत सिंह अभी फरार है। पुलिस ने आरोपियों से अनोख की रिट्ज कार, एक स्विफ्ट कार, आई-20 और किरपान बरामद की है।
वर्कर लड़की के साथ थे अवैध संबंध
अनोख की ढोलेवाल चौक में मित्तल ट्रेडर्ज के नाम से फर्म है। वहां पर लड़की प्रतिक्षा करीब चार साल से नौकरी कर रही थी। इस दौरान दोनों में अवैध संबंध बन गए थे। मानवी को इसका पता चल गया। उसके द्वारा लगातार विरोध जताया जा रहा था। लेकिन अनोख अपनी गलत हरकतें छोड़ने की जगह प्रतिक्षा के साथ मिलकर मानवी की हत्या करने की प्लानिंग करने लगा।
पुराने वर्कर के जरिए ढ़ाई लाख में हायर किए किलर
पुलिस कमिश्नर कुलदीप सिंह चहल ने प्रैस कांफ्रेस कर बताया कि आरोपी गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी पहले अनोख के पास नौकरी करता था। लेकिन सात महीने पहले उसने काम छोड़ दिया था। अनोख ने वारदात के लिए गोपी से संपर्क किया। जिसके बाद गोपी ने अमृतपाल, गुरदीप, सोनू और सागर से संपर्क कर उन्हें ढ़ाई लाख रुपए सुपारी दी। जिसमें 50 हजार एडवांस दिए और बाकी पेमेंट काम होने के बाद देनी थी।
कार रोकने को डिपर रखा था पहचान सिग्नल
चर्चा है कि आरोपियों द्वारा पिछले कई दिनों से पूरी वारदात की प्लानिंग की जा रही थी। जिसके लिए वह जगह ढूंढ रहे थे, लेकिन उन्हें ऐसी जगह नहीं मिल रही थी, जहां पर सुनसान हो और आसपास सीसीटीवी कैमरे भी न हो। इसके बाद आरोपियों ने डेहलों इलाके को चयनित किया। इसी के चलते अनोख जानबूझकर पत्नी को गांव पौहीड़ स्थित वी-मैक्स रेस्त्रां लेकर गया। जहां की उसने वीडियो भी अपने व्हाट्सएप स्टेट्स पर लगाई। वारदात के लिए हायर किए आरोपियों ने अनोख को कहा था कि वह जहां ज्यादा सुनसान जगह होगी, उससे पीछे खड़े होंगे। जिसके लिए उन्होंने पहचान के लिए सिग्नल भी डिपर का दिया था। अनोख जब वहां से निकला तो किलर 2 गाड़ियां लेकर रास्ते में खड़े थे। जैसे ही अनोख की गाड़ी उनके पास से निकली तो हत्यारों ने डिपर देना शुरु कर दिया। जिसके बाद उसने पेशाब करने के बहाने कार रोक ली और वारदात की।
जन्मों का साथ देने के वादे, पास खड़े हो करवाई हत्या
वारदात के समय मानवी को लूट की नीयत से हमला दिखाने के लिए पहले हमलावरों ने अनोख पर अटैक किया। जैसे ही मानवी कार से निकली तो हमलावरों ने उसके सिर में किरपान से एक के बाद एक वार किए। जब मानवी गिर गई तो भी हमलावर उस पर वार करते रहे। यह सारी वारदात अनोख पास खड़े होकर देखता रहा। उसके सामने पत्नी दर्द से तड़प रही थी। करीब 10 मिनट तक यह खौफनाक मंजर चला। जिसके बाद अनोख खुद भी लेट गया और हमलावर फरार हो गए। हैरानी की बात तो यह है कि शादी के समय पति द्वारा पत्नी को जन्मों जन्मों तक साथ देने का वादा किया जाता है और उसी हमसफर को आंखों के सामने अनोख द्वारा मरवाया जा रहा था।
कड़ा और रिंग घर पर छोड़कर गया, हथियार भी दुकान के थे
चर्चा है कि अनोख वारदात से पहले हाथ में पहना सोने का कड़ा और रिंग को घर पर ही छोड़कर गया था। लेकिन वारदात के बाद उसने शोर मचाया कि उसके गहने भी लुटेरे उतारकर ले गए हैं। हालांकि मानवी के गहने लुटेरे ले गए थे। लेकिन पारिवारिक मेंबरों ने बाद में पुलिस को इसकी जानकारी दी। चर्चा है कि वारदात में इस्तेमाल हुए कई हथियार भी अनोख ने अपनी दुकान से दिए थे। हालांकि पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की।
कुछ दिन पहले पत्नी को लेकर गया था यूरोप
वहीं चर्चा है कि कुछ दिन पहले ही अनोख पत्नी मानवी को यूरोप के ट्रिप पर लेकर गया था। वहां की तस्वीरें भी दोनों ने शेयर की थी। मानवी की फ्रैंड्स ने बताया कि दोनों में प्यार ही बहुत था। वह यकीन ही नहीं कर पा रही कि अनोख ऐसी वारदात कर सकता है। इस वारदात से शहर की महिलाओं को काफी धक्का लगा है।
आरोपी देता रहा धरना, बोला – मेरा घर कर दिया बर्बाद
मानवी के चाचा अरुण कुमार ने बताया कि एक दिन पहले अनोख उनके साथ आरोपियों की तलाश में घूम रहा था। उसने पुलिस के खिलाफ धरना भी लगाया। जबकि वह कह रहा था कि लुटेरों ने मेरा घर बर्बाद कर दिया है। चाचा ने कहा कि उन्हें नहीं पता था कि वह ऐसी गंदी हरकत करेगा। अरुण अनुसार मानवी ने कभी भी अनोख के अवैध संबंधों के बारे में उन्हें नहीं बताया था। हालांकि शक होने पर धरने के दौरान ही पुलिस अनोख को मेडिकल कराने के बहाने लेकर गई और पूछताछ कर खुलासा हुआ था।
अब वहां हमारा क्या, सब कुछ तो लूट गया
मानवी के चाचा अरूण कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद मानवी की लाश उसके मायके मानसा ले जाई गई। वहीं पर उसका संस्कार किया गया है। मानवी के दोनों बच्चे बड़ी बेटी राघवी और बेटे को भी वह साथ ले गए हैं। उन्होंने कहा कि अब उनका वहां क्या रह गया। दामाद की वजह से सब कुछ तो लूट गया है।
शरीर पर मिले दो दर्जन चोटों के निशान
मानवी की लाश का चार डॉक्टरों के पैनल डॉ. अजय पाकर, अंकुर उप्पल, डॉ. गौरव सिंगला और सुचेता द्वारा पोस्टमार्टम किया गया है। चर्चा है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक मानवी के शरीर पर दो दर्जन के करीब चोटे के निशान है। उसके सिर, दोनों बाजू, गर्दन, कंधे और पेट पर चोटें हैं। मेडिकल रिपोर्ट मुताबिक उसके सिर पर जोरदार तरीके से वार किए गए थे, जिससे खून काफी ज्यादा बह गया था।
सोशल मीडिया व टीवी सिरियल से पड़ रहा बुरा प्रभाव
वहीं शहर के लोगों में चर्चा है कि सोशल मीडिया व टीवी सिरियल से जनता पर बुरा प्रभाव पड़ रहा है। क्योंकि सोशल मीडिया और टीवी सीरियल में एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर को आम तरीके से दिखाया जाता है। जिसके चलते जनता भी अब उसी रास्ते पर चल रही है। जिसके बाद में नतीजे ऐसे आते हैं, जैसा लुधियाना में हुआ है।
डेड बॉडी का मजाक न बनाए लोग
वारदात के बाद अस्पताल में कांग्रेसी लीडर सिमरजीत सिंह बैंस समेत कई लोगों ने कहा था कि संस्कार तब होगा, जब आरोपी पकड़े जाएंगे। सीपी कुलदीप चहल ने स्पेशल मैसेज देते कहा कि ऐसी बातें करके डेड बॉडी का मजाक न बनाए। पुलिस की ड्यूटी है और वह कर भी रही है। ऐसी बड़ी घटनाओं के समय ऐसी हरकतें नहीं करनी चाहिए। ऐसे कई बार क्रिमिनल बच भी जाते हैं।