लुधियाना में कुछ दिन पहले पुलिस ने लाडोवाल टोल प्लाजा के पास दो लोगों को एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार किया। इनमें से एक राजस्थान के श्री गंगानगर का राम लाल है, जो मंदिर में पुजारी का काम करता था। पुलिस के मुताबिक ये दोनों पंजाब में हैंड ग्रेनेड लेने आए थे।
परिवार को यकीन नहीं
राम लाल के घरवालों को अब भी भरोसा नहीं कि उनका बेटा आतंकी गतिविधियों में शामिल हो सकता है। घरवालों का कहना है कि राम लाल बहुत शांत स्वभाव का है और हर समय पूजा-पाठ करता है। उन्होंने बताया कि राम लाल घर से ये बोलकर निकला था कि वह पंजाब में किसी का झाड़-फूंक और पूजा करने जा रहा है।
दीपक के साथ 4 दिन रुका था
जांच में पता चला है कि राम लाल पंजाब आने से पहले दीपक नाम के शख्स के साथ 4 दिन तक रुका। उसके बाद दोनों ने गाड़ी किराए पर ली और पंजाब पहुंच गए। परिवार का दावा है कि दीपक ने ही राम लाल को फंसाया है।
ड्राइवर अमित भी फरार
राम लाल अक्सर बाहर जाते समय ड्राइवर अमित को साथ ले जाता था। घटना के बाद अमित ने परिवार को बताया कि पुलिस ने उन्हें पकड़ा है और फिर वह खुद फरार हो गया।
पुलिस जांच तेज
लुधियाना पुलिस अब राजस्थान पुलिस के संपर्क में है। कई खुफिया एजेंसियां और NIA भी मामले की जांच में जुटी हैं। गिरफ्तार आरोपियों से लगातार पूछताछ हो रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इनके पीछे पाकिस्तानी हैंडलर कौन था।
अस्पताल में घायल राम लाल की हालत अभी गंभीर बताई जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि ठीक होने पर उससे और जानकारी मिल सकेगी।
