जालंधर। जालंधर के चौगिट्टी में GRP की महिला कॉन्स्टेबल को मारुती शोरूम की गाड़ी ने टक्कर मार दी। स्कूटी सवार महिला अपनी 9 साल की बच्ची को स्कूल से लेकर आ रही थी। इस बीच जैसे ही चौगिट्टी फ्लाइओवर के पास पहुंची तो अचानक रोड पर चढ़ती कार ने स्कूटी में टक्कर मार दी। हादसे के बाद महिला और बच्ची वहीं रोड पर गिर गए। राहगीरों की मदद से महिला के परिजनों को सूचित कर अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों का कहना है कि महिला के हाथ की एक उंगली, टांग और बाजू में फ्रेक्चर आया है। महिला की पहचान रेखा के रूप में हुई है। महिला के पति ने हादसे की शिकायत थाना सूर्य एनक्लेव में दी है। उसने बताया कि कार ड्राइवर ने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उसे पहचान पकड़ लिया। दोनों पक्षों ने पुलिस को अपने बयान दर्ज करवा दिए हैं।
शोरूम पर आरोप-मालिकों ने कहा हम कुछ नहीं देंगे
महिला के भाई कुलविंदर सिंह ने बताया कि हादसे के बाद मारुती शोरूम करतारपुर के कर्मचारी मालिकों को फोन करते रहे, लेकिन उन्होंने कोई भी सही जवाब नहीं दिया। शाम तक हमें कहा कि हमारी तो गाड़ियां रोज रोड पर चलती हैं, अगर हम ऐसे क्लेम देने लगे तो खाली हो जाएंगे। आपने जो करना है कर लो। इसके बाद उन्होंने थाने में कंप्लेंट दी है। मेरी बहन रेखा अकेली घर में कमाने वाली है। वह भांजी को लेकर लौट रही थी तभी मारुती शोरूम करतारपुर की गाड़ी ने ओवरटेक करते हुए हिट कर दिया। अब ये हमें परेशान कर रहे हैं। मालिक बात नहीं कर रहे हैं। हमारी बहन को गंभीर चोटें लगी हैं। उसे तो इन्होंने 6 महीने के लिए बेड पर लेटा दिया।
