हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण, मत्स्य एवं पशुपालन मंत्री श्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि कुरुक्षेत्र में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव और बलिदान, शांति और मानवता के प्रतीक ‘‘हिंद की चादर’’ श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले महा समागम में देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी शामिल हो रहे हैं।
श्री श्याम सिंह राणा ने कुरुक्षेत्र में आयोजित होने वाले अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव के लिए जिला यमुनानगर से जाने वाली बसों को रवाना कर रहे थे।
कृषि मंत्री ने बताया कि केन्द्र व हरियाणा के सहयोग से विश्व के अनेक देशों में गीता महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। कुरुक्षेत्र में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय श्रीमदभगवत गीता महोत्सव में हर वर्ष देश के कोने-कोने से लाखों की संख्या में श्रद्धालु शिरकत कर महोत्सव का आनंद लेते हैं। हरियाणा की लोक कला एवं संस्कृति की पहचान देश में ही नहीं अपितु पूरे विश्व में है।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव एवं श्री गुरु तेग बहादुर जी की शहीदी दिवस पर आयोजित होने वाले समागम में जिला यमुनानगर से बसों के माध्यम से हजारों की संख्या में लोग पहुंचे हैं। गीता स्थली में कुरुक्षेत्र में पहुंचने पर देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विचार सुनने के लिए लोगों में उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है। लोग बड़ी संख्या में बसों के माध्यम से समारोह में जाने के लिए गांव में आई बसों में बैठने लगे ताकि धर्मनगरी कुरुक्षेत्र में आसानी से पहुंच सकें। लोगों ने हरियाणा सरकार का आभार व्यक्त किया कि उन्हें समागम में जाकर हरियाणा की संस्कृति और महापुरुषों के बारे में जानने का अवसर प्रदान किया जा रहा है।
कैबिनेट मंत्री ने बताया कि गुरुओं के तप, त्याग और गौरवशाली इतिहास को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी एवं हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी द्वारा श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी वर्ष को प्रदेशभर में भव्य रूप से मनाया जा रहा है।
