आप उम्मीदवार संजीव अरोड़ा ने किया वादा, बातें कम और काम करेंगे ज्यादा
———
सांसद अरोड़ा के होर्डिंग में बिना नाम लिए विरोधियों पर तंज, घर आने वालों का होगा सम्मान, नहीं कोई अभिमान
लुधियाना, 17 अप्रैल। गर्मी बढ़ने के साथ लुधियाना वैस्ट विधानसभा हल्के में उप चुनाव के चलते सियासी-पारा भी लगातार चढ़ रहा है। इस हॉट-सीट पर पंजाब की सत्ताधारी आम आदमी पार्टी ने सबसे पहले अपने राज्यसभा सांसद संजीव अरोड़ा को उम्मीदवार घोषित किया था। इसके बाद कांग्रेस ने सूबे के पूर्व कैबिनेट मंत्री भारत भूषण आशु को मैदान में उतारा। वीरवार को शिरोमणि अकाली दल-बादल ने पंजाब के पूर्व एडिश्नल एडवोकेट जनरल परउपकार सिंह घुम्मन को अपना प्रत्याशी घोषित किया है।
अरोड़ा के नारे, जिनमें विरोधियों पर तंज करारे :
फिलहाल तक भाजपा ने अपना प्रत्याशी घोषित नहीं किया है, लेकिन उप चुनाव को लेकर आप उम्मीदवार अरोड़ा अपने अंदाज में ही लगातार प्रचार में जुटे हैं। वह अपने भाषणों में ही नहीं, होर्डिंग्स में भी सीधेतौर पर विरोधी उम्मीदवारों का नाम लिए बिना अपनी सोच-काम का हवाला देते हैं। मसलन, पहले उनके होर्डिंग में नारे के साथ विरोधियों पर वार किया गया कि ना गुस्सा, ना अहंकार, संजीव अरोड़ा इस बार। अब उनके नए होर्डिंग में फिर दिलचस्प नारा देते फिर विरोधियों पर करारा वार करते संकेत दिया गया कि घर आने वालों का होगा सम्मान, नहीं होगा किसी का अपमान।
जनता ले रही चटखारे, किस पर है निशाना :
चर्चाओं के मुताबिक आप उम्मीदवार संजीव अरोड़ा के होर्डिंग में उनके मुख्य विरोधी यानि कांग्रेसी प्रत्याशी आशु पर सियासी-वार किए जा रहे हैं। दरअसल आशु के उम्मीदवार घोषित होने के बाद उनकी पहली प्रेस कांफ्रेंस में ही पंजाब कांग्रेस के प्रधान व लुधियाना के सांसद अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग नहीं पहुंचे थे। बाद में वह ‘डैमेज-कंट्रोल’ के तहत आशु के निवास पर गए, लेकिन वह उनसे मिलने को घर नहीं लौटे थे। आशु सत्ता में रहते हुए अपनी तीखी बयानबाजी के लिए कई बार विवादों में आए थे। अब अरोड़ा का नया होर्डिंग आशु बनाम वड़िंग वाले एपिसोड पर तंज करने वाला माना जा रहा है।