लुधियाना वैस्ट उप चुनाव : अभी तक क्यों नहीं ‘खिला’ है कमल ?

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

Listen to this article

भाजपा उतारेगी महिला प्रत्याशी, किसी सेलिब्रिटी पर खेल सकती है दांव !

—-

नॉमिनेशन होने हैं 2 जून तक, उम्मीदवारी को लेकर सस्पेंस से भाजपा वर्कर भी बेचैन

 

लुधियाना, 27 मई। फिलहाल मौसम में गर्मी के साथ ही लुधियाना वैस्ट विधानसभा हल्के के उप चुनाव को लेकर सियासी-माहौल भी गर्म है। इस सीट पर 19 जून को वोटिंग के बाद 23 जून को चुनावी नतीजे आने हैं। जबकि नॉमिनेशन की प्रक्रिया 2 जून तक ही है। ऐसे में अभी तक भारतीय जनता पार्टी द्वारा अपना प्रत्याशी घोषित नहीं किए जाने से सियासी-हल्कों में चर्चाओं का बाजार गर्म है। वहीं, पार्टी वर्करों में भी बेचैनी का माहौल है।

भाजपा नेतृत्व आधी आबादी को साधेगा !

सूत्रों के अनुसार भाजपा नेतृत्व इस उप चुनाव में चौंकाने वाला कोई बड़ा फैसला ले सकता है। जिसके तहत आधी आबादी को साधने की मंशा से पार्टी किसी सशक्त महिला प्रत्याशी को जल्द चुनाव मैदान में उतार सकती है। चर्चा यह भी है कि किसी मशहूर महिला चेहरे को प्रत्याशी बनाया जा सकता है। ऐसे में भाजपा नेतृत्व महिलाओं के विशेष समर्थन के बलबूते अपनी चुनावी नैया पार लगाने का प्रयास करेगा।

पुरुष दावेदारों का रोष दबाने का भी दांव !

यहां उल्लेखनीय है कि इस उप चुनाव में भाजपा से करीब पचास दावेदारी जताई थी। जिनमें से अधिकतर पुरुष हैं, महिला दावेदार चुनिंदा ही हैं। ऐसे में अगर कोई पुरुष प्रत्याशी चुनाव मैदान में उतारा जाता है तो जाहिर तौर पर ज्यादातर सशक्त दावेदार दबे या खुले तौर पर रोष जता सकते हैं। जबकि महिला प्रत्याशी के मैदान में उतरने पर असंतुष्ट नेता भी नैतिक तौर पर विरोध नहीं कर सकेंगे।

आप, कांग्रेस और शिअद उम्मीदवारों-नेताओं की नजर भी बीजेपी पर :

बेशक नॉमिनेशन के दूसरे दिन किसी पार्टी के या आजाद उम्मीदवार ने अपना नामाकंन पत्र दाखिल नहीं किया। हालांकि माना जा रहा है कि प्रमुख पार्टियों के उम्मीदवारों की नजर भाजपा पर टिकी है। उनके प्रत्याशी का ऐलान होने के साथ ही वे नामाकंन की रणनीति बनाएंगे। यहां बता दें कि आम आदमी पार्टी से राज्यसभा सांसद संजीव अरोड़ा सबसे पहले चुनाव मैदान में उतरे थे। उसके बाद कांग्रेस ने पूर्व मंत्री भारत भूषण आशु को उम्मीदवार घोषित किया था। जबकि इन दोनों के बाद शिरोमणि अकाली दल-बादल ने सीनियर एडवोकेट परउपकार सिंह घुम्मन को कैंडिडेट बनाया था।

———-

 

 

 

Leave a Comment