पंजाब के विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी (AAP) ने जबरदस्त जीत हासिल की। 117 सीटों वाली विधानसभा में पार्टी ने 92 सीटें जीतकर अपने प्रभुत्व को साबित किया। अब AAP अपने कोटे से राज्यसभा के लिए भी मेंबर्स भेज रही है। इसके तहत पांच लोगों के नाम सामने आए हैं, जिनमें अशोक मित्तल का भी नाम है। अशोक मित्तल लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) के चांसलर हैं।
अशोक मित्तल कौन हैं?
अशोक मित्तल का जन्म 10 सितंबर 1964 को हुआ। इनकी पढ़ाई जालंधर के सरकारी स्कूल से हुई और बाद में DAV कॉलेज से ग्रेजुएशन और GNDU से लॉ की पढ़ाई पूरी की। मित्तल परिवार राजस्थान से पंजाब आया था। अशोक तीन भाईयों में सबसे छोटे हैं।
500 रुपये से मिठाई की दुकान शुरू
अशोक के पिता, बलदेव राज मित्तल ने 500 रुपये का कर्ज लेकर जालंधर में मिठाई की दुकान खोली। बड़े भाई रमेश और नरेश पढ़ाई बीच में छोड़कर कारोबार में शामिल हो गए। अशोक ने पढ़ाई पूरी की और बाद में परिवार के मिठाई बिजनेस को आगे बढ़ाया।
ऑटो और शिक्षा में कदम
1991 में अशोक ने लवली ऑटो शुरू की और 1996 में मारूति सुजुकी की डीलरशिप भी हासिल की। इसके बाद 2001 में उन्होंने लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी शुरू की, जो अब देश की सबसे बड़ी प्राइवेट यूनिवर्सिटी में से एक बन गई है।
तीसरी पीढ़ी संभाल रही ग्रुप
अब लवली ग्रुप में तीसरी पीढ़ी काम कर रही है। अशोक मित्तल के बेटे प्रथम मित्तल भी ग्रुप से जुड़े हुए हैं और उन्होंने अमेरिका से इंजीनियरिंग की पढ़ाई की है।
