हरियाणा में पूर्व मुख्यमंत्री हुड्‌डा हिरासत में लिया चंडीगढ़ पुलिस ने

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

Listen to this article

हुड्‌डा के सांसद बेटे और कांग्रेस अध्यक्ष को भी पकड़ा पुलिस ने, ईडी के खिलाफ प्रदर्शन के मामले में

चंडीगढ़, 17 अप्रैल। हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंदर सिंह हुड्डा को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। उनके साथ कांग्रेस अध्यक्ष चौधरी उदयभान और पूर्व सीएम के बेटे व सांसद दीपेंद्र हुड्डा और कई कांग्रेस विधायकों को भी पुलिस उठा ले गई।

दरअसल ये सभी कांग्रेसी वीरवार को अपनी पार्टी के दिग्गज नेताओं के खिलाफ ईडी कार्रवाई को लेकर चंडीगढ़ में प्रदर्शन कर रहे थे। हिरासत में लेने के बाद पुलिस इन्हें वैन से सेक्टर तीन थाने ले गई। हालांकि, थाने में कुछ देर बैठाने के बाद इन्हें छोड़ दिया गया। इनके साथ कांग्रेस की कई महिला नेता और कार्यकर्ता भी थे। जानकारी के अनुसार, वीरवार को हरियाणा कांग्रेस के दिग्गज नेता चंडीगढ़ में प्रदर्शन के लिए जमा हुए थे। यहां उन्होंने पार्टी के सीनियर नेताओं पर ईडी की कार्रवाई को लेकर रोष जताया। साथ ही केंद्र और हरियाणा की भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

इसी दौरान कांग्रेस नेताओं ने हरियाणा कांग्रेस कार्यालय से कूच कर दिया। इसमें हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष उदयभान, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा समेत कांग्रेस के तमाम सांसद, विधायक आगे बढ़ रहे थे। इस दौरान पुलिसकर्मियों से उनकी धक्कामुक्की भी हुई। जब मामला बढ़ता दिखा तो पुलिस ने सभी नेताओं को हिरासत में ले लिया।

गौरतलब है कि गुरुग्राम में कांग्रेसी सांसद प्रियंका गांधी के इंडस्ट्रियलिस्ट पति रॉबर्ट वाड्रा के जमीन घोटाले मामले को लेकर ईडी उनसे पूछताछ कर रही है। इसके विरोध में हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नेता सड़कों पर उतरे हैं।

—————

Leave a Comment