हरियाणा में दिल दहलाने वाली वारदात, एक किशोर था 5 बहनों का इकलौता भाई तो दूसरा 10वीं क्लास पास था
हरियाणा, 19 मई। यहां कैथल में दिल दहलाने वाली वारदात सामने आई है। यहां रिश्ते में चाचा-भतीजे दो लड़कों के गले काटकर उनकी लाशें ड्रेन में फेंक दी गईं। दोनों रविवार शाम से लापता थे। तब से तलाश में जुटे परिजनों को सोमवार की सुबह दोनों की लाशें मिलीं तो इलाके में सनसनी फैल गई।
जानकारी के मुताबिक दोनों लड़के बरेटा गांव निवासी प्रिंस (15) पुत्र रोहताश और अरमान (16) पुत्र प्रीतम थे। अरमान पांच बहनों को इकलौता भाई था। बच्चों के चाचा बनी सिंह के मुताबिक पहले परिवार को लगा कि इनमें एक लड़का 10वीं के पास हुआ है तो दोनों खुशी मनाने कहीं गए होंगे। देर रात जब वे घर नहीं लौटे तो तलाश की गई। फिर उनके मोबाइल फोन की लोकेशन निकलवाई, जो 5 किलोमीटर दूर धनौरा तालाब के पास मिली। गांव वाले वहां पहुंचे और तलाश की। कुछ पता नहीं चला तो लौट आए। सोमवार सुबह फिर परिजन धनौरा तालाब पहुंचे तो अरमान का शव पड़ा मिला। उससे थोड़ी दूर प्रिंस का शव भी मिल गया। दोनों के गले पर तेजधार हथियार के वार थे।
पुलिस ने कातिलों की तलाश में आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाले। पुलिस आरोपियों और हत्या के पीछे का मकसद पता लगाने में जुटी हुई है। प्रिंस और अरमान रविवार शाम गांव के मंदिर के पास देखे गए थे। पशुओं पानी पिलाने के बाद दोनों साथ ही घर से निकले थे। प्रिंस का 17 मई को ही दसवीं का रिजल्ट आया था, वह पास हो गया था। दोनों लड़के आपस में चाचा-भतीजा थे। दोनों के पिता खेती मजदूर हैं।
————