जगरांव, 27 मई। कबूतर पालकर उनकी उड़ान भरने की बाजी लगाने का शौक अब संघर्ष का रुप लेने लगा है। यहां पालतू कबूतर को पकड़ने के विवाद में एक युवक फायरिंग के दौरान जख्मी हो गया। इस मामले में थाना सदर की पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
जानकारी के मुताबिक फायरिंग में कुलवंत सिंह उर्फ लाडी जख्मी हो गया। जिसने शिकायत में बताया कि उसके घर पर कबूतर हैं और गुरमीत सिंह ने भी गांव के रहने वाले एक युवक संग मिलकर साझे कबूतर रखे हुए हैं। उनके कबूतर उड़कर हमारे घर की छत पर आए होंगे। आरोपी गुरमीत सिंह ने 23 मई को फोन पर उससे बहस की। गुरमीत ने उसे धमकी दी कि उसने उनके दोस्तों को कबूतर पकड़ने से क्यों रोका।
लाडी के मुताबिक इसके बाद वह नाई की दुकान के बाहर बैठा था, तब गुरमीत अपने साथियों के साथ वहां आया। उन्होंने कुलवंत के साथ गाली-गलौज की। रात को जब कुलवंत घर में था, तब गोलियां चलने की आवाज सुनी। वह जब देखने गया तो गेट पर गोली के छर्रे उसकी बांह में लग गए।