यात्रियों के प्रदर्शन के चलते वंदे भारत हुई लेट, रेलवे के अफसरों-पुलिस ने समझाकर ट्रैक कराया खाली
अंबाला, 23 मई। यहां अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार सुबह हंगामा हो गया। दरअसल यहां से होकर चंडीगढ़ जाने वाली ट्रेन लगातार लेट होने से भड़के यात्रियों ने इस बार वंदे भारत एक्सप्रेस 22447 के आगे ट्रैक पर उतर कर प्रदर्शन किया। जिसके चलते वंदे भारत को काफी देर तक अंबाला छावनी स्टेशन पर रोकना पड़ा।
जानकारी के मुताबिक ट्रेन नंबर 64563 पहले सुबह 7.40 बजे अंबाला से चंडीगढ़ के लिए रवाना होती थी। अब रूट बदलने से रायपुर-हरियाणा से चलती है। इससे यह ट्रेन अंबाला पहुंचते हुए रोजाना 15-20 मिनट लेट होती थी। शुक्रवार को तो यह ट्रेन 3 घंटे की देरी से पहुंची। यहां काबिलेजिक्र है कि हजारों यात्री अंबाला से चंडीगढ़ नौकरी के लिए रोजाना सफर करते हैं। ट्रेन लेट होने से उन्हें परेशानी होती है। काफी यात्री पीजीआई चंडीगढ़ में इलाज के लिए भी इसी ट्रेन से चलते हैं। यहां से सुबह 7.30 बजे के आसपास चंडीगढ़ के लिए और कोई ट्रेन नहीं है।
प्रदर्शन के चलते स्थिति बिगड़ती दिख रेलवे अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर यात्रियों को आश्वासन दिया कि ट्रेन संचालन में सुधार कराएंगे। यात्रियों ने प्रदर्शन समाप्त किया, तब वंदे भारत ट्रेन रवाना हो सकी।
———–