चहेते चाहते हैं लुधियान वैस्ट के विधायक संजीव अरोड़ा को डिप्टी सीएम बनाए आप हाईकमान
लुधियाना, 30 जून। महानगर में सियासी हलचल अभी भी सरगर्म हैं। अब यह चर्चा जोरों पर है कि लुधियान वैस्ट हल्के से विधानसभा का उप चुनाव जीते आम आदमी पार्टी के विधायक संजीव अरोड़ा को आखिर किस विभाग का मंत्री बनाया जाएगा। चर्चाओं पर भरोसा करें तो उनको मंत्री बनाने को लेकर सट्टा भी लगाया जा रहा है।
प्रशंसक अरोड़ा के ‘राजनीतिक-त्याग’ से प्रभावित :
उल्लेखनीय है कि आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद बनने के बाद से ही संजीव अरोड़ा पूरी तरह सक्रिय थे। उन्होंने किसी लोकसभा सांसद से भी ज्यादा एक्टिव रहते इंडस्ट्रियल सिटी लुधियाना ही नहीं, पूरे पंजाब के हित में कई सरकारी योजनाओं पर अमल कराया। साथ ही जो योजनाएं ठंडे बस्ते में चली गई थी, उनका लगातार फॉलोअप कर उनको फिर शुरु कराया। इसी बीच लुधियाना वैस्ट के आप विधायक गुरप्रीत गोगी का निधन हो गया। लिहाजा इस सीट पर उप चुनाव में पार्टी ने एमपी अरोड़ा को उम्मीदवार बना दिया। सियासी-जानकारों व उनके प्रशंसकों की मानें तो उन्होंने सांसद पद पर रहते विधायक चुनाव लड़ने का फैसला कर बड़ा ‘राजनीतिक बलिदान’ किया था। अमूमन राजनेता ऐसा सियासी-खतरा मोल नहीं लेते हैं। लिहाजा अरोड़ा के प्रशंसक चाहते हैं कि पार्टी हाईकमान उनको मंत्री नहीं, बल्कि उप मुख्यमंत्री बनाए। कहा जा रहा है कि सट्टे का दांव खेलने वाले कई लोग भी यही चाहते हैं।
आप की ‘संजीवनी’ बन सकते हैं अरोड़ा :
सियासी-जानकारों की मानें तो पिछले विस चुनाव में पंजाब के अंदर आप के हक में जबर्दस्त माहौल था। ऐसे में पहली बार चुनाव लड़े कई नए चेहरे भी जीते। जालंधर और फिर लुधियाना में विस सीटों पर उप चुनाव के दौरान लगातार सूबे की आप सरकार के खिलाफ एंटी-इन्कंबेंसी बढ़ी। ऐसे हालात में भी लुधियाना वैस्ट विस सीट से अरोड़ा की जीत के पीछे आप सुप्रीमो अरविंदर केजरीवाल और सीएम मान की मेहनत भी बेशक काम आई। वहीं, जानकारों और अरोड़ा के प्रशंसकों का मानना है कि ईमानदारी, नरम मिजाज और लगातार सक्रियता के चलते उनकी ‘इमेज’ ने भी पार्टी को जीत दिलाई। इतना ही नहीं, कांटे की टक्कर में सामने दो बार कैबिनेट मंत्री रहे कांग्रेसी उम्मीदवार भारत भूषण आशु पिछले विस चुनाव की तुलना में ज्यादा अंतर से हारे। अरोड़ा के फैंस मानते हैं कि ऐसे में उनको डिप्टी सीएम बनाया जाता है तो अगले विस चुनाव में सत्ताधारी आम आदमी पार्टी को इसका बड़ा सियासी-फायदा मिल सकता है।
हाईकमान पहले ही कर चुका ऐलान, मंत्री बनाएंगे :
गौरतलब है कि उप चुनाव के दौरान आप सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान अरोड़ा को जीतते ही मंत्री बनाने का ऐलान कर चुके थे। हालांकि पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया चंडीगढ़ में नहीं हैं। उनकी वापसी के बाद ही औपचारिक तौर पर अरोड़ा मंत्री पद की शपथ ले पाएंगे। सूत्रों के अनुसार अरोड़ा कई दिन से दिल्ली और चंडीगढ़ में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ चर्चाओं में व्यस्त रहे हैं। वह जब लौटकर आएंगे तभी सियासी तस्वीर साफ हो सकेगी।
—-