फिलहाल गुजरात के वडोदरा में रहने वाली अंजू शर्मा अपनी दूसरी बेटी निम्मी से मिलने जा रही थी लंदन
कुरुक्षेत्र, 13 जून। गुजरात के अहमदाबाद में वीरवार को हुए प्लेन क्रैश में हरियाणा के कुरुक्षेत्र की रहने वाली महिला अंजू शर्मा की भी मौत हो गई। वह लंदन में रह रही अपनी बेटी निम्मी से ही मिलने के लिए जा रही थीं।
जानकारी के मुताबिक पुलिस ने शव की पहचान के लिए वडोदरा में रह रही उनकी दूसरी बेटी हन्नी का डीएनए टेस्ट कराया है। अंजू का अंतिम संस्कार वडोदरा में ही होगा। करीब 55 साल की अंजू के पति की पहले ही मौत हो चुकी थी और उनकी दो बेटियां हैं। वह कुरुक्षेत्र के रामशरण माजरा गांव की रहने वाली थीं। अंजू फिलहाल गुजरात के वडोदरा में रह रही थीं। प्लेन टेक ऑफ से पहले उन्होंने हरियाणा में अपने बीमार पिता से वीडियो कॉल कर कहा था कि लौटने के बाद मैं मिलने आउंगी। अंजू के माता-पिता को शुक्रवार को ही उनकी मौत के बारे में बताया गया।
मौत से पहले लगाया गीत, आदमी खिलौना है :
प्लेन में बैठने के बाद टेकऑफ से पहले अंजू ने इंस्टाग्राम अकाउंट पर लगाए स्टेटस में ‘आदमी खिलौना है, आता है, जाता है’ गाने का स्टेटस लगाया था। इसके बाद प्लेन क्रैश हो गया, जिसमें उनकी मौत हो गई। इस स्टेटस को देखकर परिवार के लोग कह रहे हैं कि जैसे अंजू को पहले ही आभास हो गया था कि उसे अब इस दुनिया से जाना है। अंजू की बहन निधि ने कहा कि बहन ने मुझे घटना से पहले वीडियो कॉल की थी, लेकिन मैं उठा नहीं पाई। अंजू शर्मा की शादी पटियाला के अलाना गांव के पवन शर्मा से हुई थी। पवन शर्मा वडोदरा के प्लांट में गैस लीकेज बंद करने का काम करते थे। उनकी करीब 4 साल पहले किडनी की बीमारी के चलते मौत हो गई थी।
———–