पंजाब/यूटर्न/13 जुलाई: कपूरथला के सिविल अस्पताल में देर रात एक मजदूर की मौत के बाद हंगामा हो गया। बताया जा रहा है कि बेहोशी की हालत में लाए गए मजदूर की गंभीर स्थिति को देखते हुए ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर ने अमृतसर मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया। जैसे ही मरीज को 108 एंबुलेंस में ले जाने लगे तो एंबुलेंस में ही मरीज ने दम तोड़ दिया। मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया कि एंबुलेंस में लगा ऑक्सीजन का सिलेंडर खाली था, जिस कारण उनके मरीज की मौत हुई। वहीं, घटना की सूचना मिलने के बाद थाना-2 अर्बन एस्टेट की पुलिस मौके पर पहुंची और मामलें की जांच शुरु की। मृतक की पहचान गुरसहाय सादा पुत्र चेतु सादा सहरसा बिहार हाल निवासी गांव बूटां के रुप में हुई है। मृतक मजदुर को लेकर आए किसान विसाखा सिंह ने बताया कि गुरसहाय 10 दिन पहले अपने साथियों सहित उनके खेतों में काम करने आया था। शुक्रवार की शाम वह अपने साथियों सहित उनकी गांव लक्खन कलां में जमीन पर धान की रोपाई कर रहा था। काम करते हुए गुरुसहाय की अचानक तबीयत खराब हो गई है। जिसके बाद उसे तुरंत सिविल अस्पताल कपूरथला ले लाया। जहां ड्यूटी पर तैनात डाक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद ऑक्सीजन लगा दी। लेकिन उसकी हालात में कोई सुधार न होता देख उसे अमृतसर मेडिकल कॉलेज में रेफर कर दिया। ड्यूटी डाक्टर ने 108 एंबुलेंस को सुचना दे दी। लेकिन जैसे ही गुरुसहाय को एंबुलेस में ले जाने लगे और ऑक्सीजन लगाई गई। तभी कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई। मजदूर के साथ आये लोगों ने आरोप लगाया कि एंबुलेंस में रखे गए ऑक्सीजन सिलेंडर में ऑक्सीजन नहीं थी। विसाखा सिंह ने कहा कि सिविल अस्पताल की लापरवाही से गुरुसहाय की मौत हुई है। वहीं, दूसरी तरफ सिविल अस्पताल प्रबंधन की तरफ से डा.संदीप धवन ने बताया कि मामलें की जांच के लिए एक कमेटी गठित की जाएगी। अगर किसी की गलती पाई गई तो उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
—————-
