जीरकपुर 07 April : वर्षों से सरकार द्वारा चाइना डोर पर प्रतिबंध लगाया हुआ है और अगर कोई व्यक्ति चाइना डोर बेचता ,खरीदता यां उड़ता पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त धाराओं के तहत मामला दर्ज होने तथा सजा होने का प्रावधान है। लेकिन इसके बावजूद भी लोगों द्वारा चाइना डोर खरीदी बेची तथा प्रयोग की जाती है ऐसा ही एक मामला आज जीरकपुर पंचकूला बॉर्डर पर बने फ्लाई ओवर के ऊपर सामने आया है।
सेक्टर-19 फ्लाईओवर के पास स्कूटी पर जाते समय चाचा और भतीजी चीनी डोर से घायल हो गए। घायलों की पहचान आठ वर्षीय एंजल और चाचा सनी निवासी मन्नत एनक्लेव जीरकपुर के रूप में हुई है। चीनी डोर की चपेट में आने से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। लोगों ने दोनों को सेक्टर-6 सिविल अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती करवाया। जहां डॉक्टरों ने दोनों को पीजीआई रेफर कर दिया। इमरजेंसी में तैनात डाॅक्टर की टीम ने बताया कि चीनी मांझे से लड़की के चेहरे पर कई जगह गहरे कट लगे हैं। वहीं उसके चाचा की बाजू में गहरा कट लगा है। खून न रुकने पर दोनों को इलाज के लिए पीजीआई रेफर कर दिया गया है।
सेक्टर-19 फ्लाईओवर के पास मौजूद लोगों ने बताया कि स्कूटी से जा रहे चाचा-भतीजी अचानक चीनी मांझे की चपेट में आ गए। स्कूटी चल रही थी, इस कारण चालक की बाजू को काटते हुए डोर स्कूटी पर खड़ी बच्ची का चेहरा फाड़ते हुए निकल गई। चीनी मांझे की चपेट में आने से वह स्कूटी समेत गिर गए। इस वजह से चेहरे से लेकर गले तक गहरे कट लगने से हड्डियां तक दिखने लगीं। सूचना पर पहुंची सेक्टर-19 पुलिस जांच करने में जुटी है। घटना स्थल पर चीनी मांझा किधर से आया था और कौन पतंगबाजी कर रहा था इसके बारे में जानकारी जुटा रही है। पंचकुला सेक्टर-19 पुलिस के सुनील कुमार ने बताया कि हमने मामले की जानकारी ढकोली पुलिस थाने में दे दी है। ढकोली पुलिस थाने से मिली जानकारी के अनुसार पीजीआई से जानकारी उन्हें प्राप्त हुई है और इस मामले के इन्वेस्टिगेटिंग ऑफीसर निर्मल सिंह है वह पीजीआई जाकर चाचा भतीजी के बयान दर्ज करेंगे और उसके पश्चात कानून के मुताबिक अगली कार्रवाई की जाएगी।