चंडीगढ़ 21 जून। मोहाली जिले के कैरों गांव में बिजली कटौती को लेकर दो गुटों में झगड़ा हुआ है। इस झगड़े में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। एक गुट की ओर से 5 से 6 राउंड फायरिंग की गई है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक फायरिंग परमिंदर सिंह और जंग बहादुर ने की है। दोनों अभी गांव से फरार हैं। मामले में लखबीर सिंह, सतनाम सिंह और हरविंदर सिंह घायल हैं। इनका मोहाली के फेज-6 अस्पताल में इलाज चल रहा है। मोहाली पुलिस मामले की जांच कर रही है। ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार लखबीर सिंह देर रात बिजली जाने के कारण ट्रांसफार्मर पर जांच करने के लिए पहुंचे थे। वहीं परविंदर और जंग बहादुर से उनकी बहस हो गई। परमिंदर सिंह ने लखबीर पर गोली चला दी। जब उसे बचाने के लिए सतनाम सिंह और हरविंदर सिंह पहुंचे, तो परमिंदर सिंह ने उन दोनों पर भी गोली चला दी। गोली इन लोगों के पेट में लगी है। अस्पताल में उनकी हालत अभी गंभीर बताई जा रही है।
