केंद्रीय राज्यमंत्री बिट्‌टू के नजदीकी दो नेताओं को पंजाब पुलिस ने फिरौती मांगने के आरोप में किया गिरफ्तार

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

Listen to this article

लुधियाना में राजीव राजा तो पटियाला में राजेश अतरी अरेस्ट, पंजाब में गर्माया सियासी-माहौल, भड़के बिट्‌टू मान पर बरसे

 

लुधियाना 10 फरवरी। केंद्रीय राज्यमंत्री रवनीत सिंह बिट्‌टू के दो नजदीकी नेताओं को पुलिस ने फिरौती मांगने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। जिसके चलते पंजाब में एकाएक सियासी माहौल गर्मा गया है।

जानकारी के मुताबिक लुधियाना पुलिस ने रविवार रात शहर के एक व्यापारी से 30 लाख रुपये की फिरौती मांगने के आरोप में यूथ कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष राजीव राजा को अरेस्ट किया। यहां काबिलेजिक्र है कि हौजरी कारोबारी राजा, बिट्टू के करीबी हैं। बिट्‌टू के बीजेपी में शामिल होने पर राजा ने भी कांग्रेस छोड़ दी थी। हालांकि वह औपचारिक तौर पर बीजेपी में शामिल नहीं हुए थे। राजा के खिलाफ डिवीजन नंबर 8 पुलिस में मामला दर्ज किया गया है। बताते हैं कि पुलिस ने इस मामले में दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है, हालांकि उनकी पहचान नहीं बताई है। एडीसीपी अमनदीप सिंह बराड़ ने मीडिया के समक्ष इस घटनाक्रम की पुष्टि की है।

केंद्रीय मंत्री बिट्‌टू ने सोमवार को सोशल मीडिया में दावा किया कि पुलिस ने पटियाला में भी उनके करीबी राजनेता राजेश अतरी को अरेस्ट किया है।

बिट्टू ने कहा कि लुधियाना पुलिस ने 10 जगहों पर छापेमारी की है। पुलिस मेरे करीबियों पर छापेमारी कर रही है और युवाओं को झूठे केस में फंसा रही है। जानकारी के मुताबिक लुधियाना के मॉल एन्क्लेव निवासी 37 वर्षीय रवीश गुप्ता ने पुलिस को बताया कि पिछले कुछ दिनों से उन्हें एक अंतर्राष्ट्रीय नंबर से लगातार व्हाट्सएप पर कॉल और मैसेज आ रहे थे। अज्ञात कॉलर ने 30 लाख रुपये की फिरौती मांगी और धमकी दी कि ऐसा ना करने पर जान से मारने सहित गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। गुप्ता की शिकायत पर थाना डिवीजन नंबर 8 पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की।

मामले की जांच करते हुए पुलिस ने रविवार को राजीव राजा और दो अन्य को गिरफ्तार किया। वॉट्सऐप और अन्य सोशल नेटवर्किंग साइट्स पर एक कॉल रिकॉर्डिंग भी वायरल हुई। जिसमें राजीव राजा कथित तौर पर एक व्यक्ति को पैसे के विवाद को लेकर धमका रहे थे।

सोशल मीडिया में लाइव हुए केंद्रीय राज्यमंत्री बिट्टू इस मामले में मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान पर भड़के। उन्होंने कहा कि मुझे पता था कि लुधियाना में क्या हो रहा है। मुख्यमंत्री मान अपनी कुर्सी बचाने के लिए मेरे नजदीकियों पर मामले दर्ज करा रहे हैं। दिल्ली में आम आदमी पार्टी बुरी तरह हारी है। बिट्टू ने कहा कि अगर सीएम मान में हिम्मत है तो वह मेरे खिलाफ केस दर्ज कराएं। संसद का सत्र खत्म होने के बाद मैं खुद मुख्यमंत्री मान के आवास के बाहर सरेंडर करने जाऊंगा। बिट्टू ने कहा कि राजीव राजा मेरे पुराने दोस्त हैं। वह एक व्यापारी हैं, उन्हें इस केस में झूठा फंसाया गया है। पुलिस ने दो अपराधियों को गिरफ्तार किया। उनके मुंह से राजा का नाम निकलवाया गया और उन्हें इस केस में झूठा फंसाया गया।

————

 

 

 

Leave a Comment