दर्दनाक हादसा : मोहाली में होटल की दूसरी मंजिल से गिरी महिला की मौत

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

Listen to this article

दिल्ली से पति के साथ घूमने आई थी महिला, चक्कर आने की वजह से बैठी थी बालकनी में

मोहाली 9 अगस्त। दिल्ली से चंडीगढ़ घूमने आए दंपति के साथ यहां जीरकपुर में दर्दनाक हादसा पेश आया। दंपति एक होटल में ठहरा था, उसी दौरान दूसरी मंजिल से गिरने के कारण महिला सृष्टि की मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक सूचना मिलते ही ढकोली पुलिस ने मौके पर पहुंच शव कब्जे में लेकर अस्पताल पहुंचाया। परिजनों को सूचित कर पुलिस ने थाने पेश होकर बयान दर्ज करवाने के लिए भी कहा। पुलिस को पूछताछ में पता चला कि मरने वाली महिला सृष्टि और उनके पति ऋतिक दिल्ली से आए थे। महिला होटल के कमरे की बालकनी में बैठकर आराम कर रही थी। वह अपने पति और अन्य कपल्स के साथ चंडीगढ़ और हिमाचल प्रदेश घूमने आई थी। जीरकपुर-पंचकूला हाईवे पर स्थित ढकोली की अजीत एनक्लेव में आरएस किंग्स होटल में कमरा बुक कराया था।
पुलिस जांच में सामने आया कि सृष्टि को एक दिन पहले चक्कर आने पर निजी अस्पताल में भी भर्ती कराया गया था। प्राथमिक उपचार मिलने के बाद छुट्टी दे दी गई थी। सृष्टि को फिर से चक्कर आया तो वह उठकर दूसरी मंजिल पर स्थित कमरे की बॉलकनी में बैठ गई। इस दौरान पति ऋतिक ब्रेकफास्ट करने के लिए अन्य कपल्स के साथ रेस्टोरेंट में चला गया था।
बताते हैं कि ऋतिक अपनी पत्नी सृष्टि को यह कहकर गया कि तबियत ठीक होते ही नीचे आकर ब्रेकफास्ट इकट्ठे करेंगे। कुछ देर बाद पता चला कि होटल के पीछे स्थित कालोनी की गली में सृष्टि बालकनी से अचानक नीचे गिर गई। इसका पता चलते ही ऋतिक ने उसे उठाकर अस्पताल पहुंचाया। जहां डाक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत करार दिया। फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से छानबीन में जुटी है।
————