लुधियाना 24 जुलाई। ताजपुर रोड पर एक एक्सयूवी कार ने रोड क्रॉस कर रहे बाइक सवार तीन युवकों को टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद तीनों युवक कई फीट दूर जा गिरे। कार चालक रुकने की बजाय मौके से फरार हो गया। लोगों ने उसका पीछा भी किया, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। टक्कर के बाद लोगों ने तीनों को अस्पताल पहुंचाया। तीनों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। वहीं जख्मियों का आरोप है कि उन्होंने इस संबंध में थाना डिवीजन नंबर सात की पुलिस को शिकायत दी। लेकिन पुलिस ने कोई एक्शन नहीं लिया। पीड़ित हर्ष ने जानकारी देते हुए बताया कि वह दो दिन पहले अपने दो दोस्तों के साथ बर्थडे पार्टी से घर जा रहा था। अचानक जब वह ताजपुर रोड कट पर मुड़ने लगे तो तेज रफ्तार कार ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि उसे कुछ पता ही नहीं चला। वह बेहोश हो गया। उसके साथ आए दो युवकों को मामूली चोटें आईं।
पुलिस ने कहा खुद ढूंढो वीडियो
हर्ष ने आरोप लगाया कि पुलिस कर्मियों ने उसे कहा कि वह खुद ही घटनास्थल का वीडियो ढूंढे और कार का नंबर पता लगाए। हर्ष ने बताया कि उसने अपने स्तर पर सीसीटीवी ढूंढ लिया है। अब पुलिस को कार चालक का नंबर पता लगाना है। इस मामले में एएसआई सुखविंदर सिंह ने मीडिया को बताया कि पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद जांच शुरु कर दी गई है। जल्द ही कार चालक की पहचान कर ली जाएगी।