भिवानी के तोशाम इलाके में मनरेगा का काम कर रही दो महिला जख्मी
भिवानी 1 फरवरी। यहां तोशाम इलाके में दर्दनाक हादसा हो गया। मनरेगा के तहत चल रहे काम के दौरान 20 फीट ऊंचे टिब्बे से अचानक मिट्टी गिर गई। वहां खाना खा रहीं तीन महिलाएं मिट्टी के तले दब गईं। इसमें एक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हैं।
जानकारी के अनुसार गांव खरकड़ी सोहान में खेतों के रास्ते का समतलीकरण करने काम चल रहा है। इसमें मनरेगा के तहत मजदूर शनिवार को काम कर रहे थे। दोपहर के समय मजदूर खाना खाने के लिए एक जगह बैठे थे। इसी दौरान वहां खाना खा रहे लोगों पर टिब्बे से अचानक मिट्टी गिर गई।
इसमें मिट्टी के तले दबने से 63 वर्षीय निब्बो देवी की मौके पर ही मौत हो गई। अर्चना और किताबो देवी घायल हो गईं। मजदूरों ने बताया कि निब्बो देवी अपने देवर और देवरानी के लिए खाना लेकर आई थी और वहीं बैठकर सभी साथ में खाना खा रहे थे। मौके पर मौजूद अन्य मजदूरों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया और तीनों महिलाओं को मिट्टी से बाहर निकाला। उनको नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया।
किताबो देवी को प्राथमिक इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई है, जबकि अर्चना का एक निजी अस्पताल में इलाज जारी है। निब्बो के पति दलबीर सिंह ने बताया कि उनकी पत्नी नियमित रूप से मनरेगा के तहत काम करती थी।
10-15 मिनट तक मिट्टी में दबी रही तोशाम थाना के एसएचओ उग्रसेन ने बताया कि महिला करीब 10-15 मिनट तक मिट्टी में दबी रही। ग्रामीणों ने इसकी सूचना डायल 112 पर दी थी। जब डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची तो ग्रामीणों ने महिला को मिट्टी के नीचे से निकाल लिया था।
———