तरनतारन उप-चुनाव से पहले पंजाब में बड़ा सियासी फेरबदल, सीएम मान और सिसोदिया ने दिलाई सदस्यता
चंडीगढ़, 15 जुलाई। तरनतारन से शिरोमणि अकाली दल-बादल के पूर्व नेता हरमीत सिंह संधू आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए। चंडीगढ़ में मुख्यमंत्री भगवंत मान और पार्टी के पंजाब प्रभारी मनीष सिसोदिया ने उन्हें पार्टी में शामिल कराया।
जानकारों के मुताबिक संधू का आम आदमी पार्टी में आना तरनतारन उप-चुनाव से जुड़ा फैसला है। वह तरनतारन विधानसभा से लगातार तीन बार विधायक रहें। संधू ने शिअद से इस्तीफा दिया था, जिसके बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चा थी कि वह किसी पार्टी में जॉइन करेंगे। वह 2002, 2007 व 12 में विधायक रहे हैं। हालांकि 2017 में उन्हें हार का मुंह देखना पड़ा है। जबकि 2022 में भी उन्होंने शिरोमणि अकाली दल की टिकट पर चुनाव लड़ा, मगर दूसरे नंबर पर रहे थे।
गौरतलब है कि कुछ समय पहले आप के मौजूदा विधायक डॉ. कश्मीर सिंह सोहल का बीमारी के चलते निधन हो गया था। जिसके कारण यह सीट खाली हुई है। अब जल्द ही यहां उप-चुनाव होने की संभावना है, और हरमीत सिंह संधू की जॉइनिंग को पार्टी की रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है।
सीएम ने कहा कि हरमीत सिंह संधू एक बहुत बड़े नेता हैं। हम इन्हें उस समय से देख रहे हैं, जब हम छोटे होते थे। अरविंद केजरीवाल ने जब पार्टी बनाई थी, उस दिन कहा था कि कई पार्टियों में अच्छे नेता हैं, लेकिन वे अपनी पार्टियों में घुटन महसूस कर रहे हैं। हम राजनीति में अच्छे लोगों का समूह बना रहे हैं।
———–