डॉमेस्टिक सिलेंडर 50 रुपए महंगा, उज्ज्वला स्कीम पर भी वार, नई कीमतें सोमवार से हो गईं लागू
नई दिल्ली, 8 अप्रैल। एक बार फिर आम जनता पर महंगाई की मार पड़ गई। घरेलू गैस सिलेंडर 50 रुपए महंगा हो गया। सोमवार 7 अप्रैल से नई दरें लागू हो गईं।
इस मामले में केंद्रीय पैट्रोलिय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने अधिकारिक जानकारी दी। यहां गौरतलब है कि अभी तक राजधानी दिल्ली में घरेलू गैस सिलेंडर 803 रुपए में मिलता था। दाम बढ़ने के बाद कीमत 853 रुपए हो जाएगी। वहीं, उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों के गैस सिलेंडर की कीमत भी 500 से बढ़कर 550 रुपए हो जाने से गरीबों पर आर्थिक-बोझ बढ़ेगा। पिछली बार सरकार ने 8 मार्च, 2024 को महिला दिवस पर सिलेंडर के दामों में 100 रुपए की कटौती थी। तब दिल्ली में सिलेंडर 903 रुपए का था।
केंद्र सरकार बैकफुट पर !
पैट्रोलियम मंत्री पुरी ने बचाव में तर्क दिया कि ऑयल मार्केटिंग कंपनियों को लागत से कम कीमत पर सिलेंडर बेचने के कारण लगभग 41,000 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है। इस घाटे को कम करने के लिए कीमतें बढ़ाने का फैसला लिया गया। ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने 1 अप्रैल को 19 किलो वाले कॉमर्शियल सिलेंडर के दाम 44.50 रुपये तक घटाए थे। दिल्ली में इसकी कीमत 41 घटकर 1762 हो गई थी। पहले ये1803 में मिल रहा था। कोलकाता में यह 44.50 घटकर 1868.50 में मिल रहा है, पहले इसके दाम 1913 रुपये थे।
मुंबई में सिलेंडर 1755.50 से 42 घटकर 1713.50 रुपए हो गया है। चेन्नई में सिलेंडर 1921.50 का मिल रहा है। हालांकि, 14.2 किग्रा वाले घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ है। दिल्ली में यह 803 और मुंबई में 802.50 का मिल रहा है। दरअसल तेल कंपनियां हर महीने पिछले महीने के अंतर्राष्ट्रीय मूल्यों, एक्सचेंज रेट और अन्य लागतों के आधार पर एलपीजी की बेस प्राइस तय करती हैं। इसके बाद टैक्स, ट्रांसपोर्ट, और डीलर कमीशन जोड़कर खुदरा मूल्य निकाला जाता है। सब्सिडी वाले सिलेंडर के लिए सरकार अंतर की भरपाई करती है, जबकि गैर-सब्सिडी वाले सिलेंडर की पूरी कीमत ग्राहक चुकाता है।
———–