चंडीगढ़ 22 फरवरी। पंजाब सरकार ने गजट नोटिफिकेशन जारी करके प्रशासनिक सुधार विभाग के अस्तित्व में न होने का ऐलान किया है। कैबिनेट मंत्री कुलदीप सिंह धालीवाल 20 महीने से प्रशासनिक सुधार विभाग के मंत्री थे। उन्हें न कभी इस विभाग कार्यालय मिला, न सचिव। विभाग की कभी मीटिंग भी नहीं हुई। मंत्री खुद अपने विभाग की तलाश कर रहे थे। बताया गया है कि मंत्री ने यह सब मुख्यमंत्री भगवंत मान को बताया तो उन्होंने गलती सुधारी। मुख्यमंत्री की सलाह पर पंजाब के गवर्नर ने 7 फरवरी 2025 को गजट नोटिफिकेशन जारी करके कहा कि प्रशासनिक सुधार विभाग अब अस्तित्व में नहीं है। 23 सितंबर 2024 को जारी नोटिफिकेशन में संशोधन किया गया। इसके बाद धालीवाल से प्रशासनिक सुधार वापस लेकर सिर्फ NRI अफेयर्स विभाग सौंपा गया। हैरानी की बात यह है कि प्रशासनिक सुधार विभाग सिर्फ सरकारी रिकॉर्ड में ही चल रहा था।
2023 में मिला था प्रशासनिक सुधार विभाग
मंत्री कुलदीप सिंह धालीवाल अजनाला विधानसभा सीट से विधायक हैं। उनके पास पहले कृषि एवं किसान कल्याण विभाग था। सरकार ने इसे वापस ले लिया था। 1 जून 2023 को उनके विभागों में बदलाव किए गए। कृषि और कल्याण विभाग गुरमीत सिंह खुडि्डयां को दिया गया। धालीवाल को NRI मामले और प्रशासनिक सुधार विभाग सौंप दिया गया।