हद हो गई : इंसाफ दिलाने वाले वकील ने ही तोड़ा भरोसा, क्लाइंट से 3 लाख रुपये ठगे

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

Listen to this article

शिकायतकर्ता पंजाब का, आरोपी वकील ने कंज्यूमर कोर्ट में कराए केस की जाली आईडी दी, थाने में केस दर्ज

चंडीगढ़, 15 जुलाई। अगर लोगों को अदालतों में इंसाफ दिलाने के नाम पर कोई वकील ही ठगी करने लगे तो इसे क्या कहेंगे। जी, हां ! चंडीगढ़ के कंज्यूमर कोर्ट में ऐसा ही मामला सामने आया है। जहां गाड़ी कंपनी के खिलाफ केस दर्ज कराने के नाम पर एक वकील ने पंजाब के लोहगढ़ निवासी से 3 लाख 2 हजार की ठगी कर ली।

दर्ज शिकायत के मुताबिक पीड़ित व्यक्ति को भरोसे में लेने के लिए आरोपी वकील ने यहां तक कह दिया कि कोर्ट में उसकी जज से जान-पहचान है, आठ महीने में फैसला करा देगा। जब केस की आईडी चेक हुई तो वह फर्जी निकली। शिकायत के बाद सैक्टर-19 थाने की पुलिस ने पंचकूला के अमरावती इन्क्लेव निवासी आरोपी वकील पंकज चांदगोठिया के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर लिया।

लोहगढ़ निवासी शिकायतकर्ता गुरविंदर सिंह ने बताया कि उन्होंने नवंबर, 2023 में एक गाड़ी खरीदी थी, जिसमें जल्द तकनीकी खराबी आ गई। उन्होंने वाहन निर्माता कंपनी के खिलाफ कंज्यूमर कोर्ट में केस के लिए आरोपी वकील से संपर्क किया। वकील ने जज से जान-पहचान का झांसा देकर गुरविंदर से दो बार में 3 लाख 2 हजार रुपए और ले लिए। जब केस स्टेट्स पूछा तो आरोपी हर बार बहाने बनाता रहा। फिर एक नंबर भेज कहा कि केस ऑनलाइन दर्ज हो गया। जब शिकायतकर्ता ने केस की आईडी की जांच की तो पता चला कि वह फर्जी है। इसके बाद जनवरी 2025 में गुरविंदर की पत्नी ने कंज्यूमर कोर्ट के चेयरमैन से मिलकर वह केस आईडी दिखाई। चेयरमैन ने बताया कि ऐसा कोई केस कोर्ट में दर्ज नहीं है और आईडी नकली है।

———–

Leave a Comment