केदारनाथ-बद्रीनाथ में सीजन की पहली बर्फबारी:हेमकुंड साहिब में 2-3 इंच स्नोफॉल; पंजाब-हरियाणा में मौसम विभाग ने बारिश का अलर्ट

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

Listen to this article

7 अक्टूबर —
जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड जैसे पहाड़ी राज्यों के ऊंचे इलाकों में पिछले 24 घंटों से बर्फबारी जारी है। उत्तराखंड के बद्रीनाथ, केदारनाथ और हेमकुंड साहब में मंगलवार को पहली बर्फबारी हुई। हेमकुंड साहिब में 2 और 3 इंच तक स्नोफॉल हुआ।
केदारनाथ में तापमान 5 डिग्री तक गिर गया। मौसम विभाग ने 7 अक्टूबर को भारी बारिश-बर्फबारी का रेड अलर्ट जारी किया है। इस वक्त चारधाम यात्रा का दूसरा दौर चल रहा है। रोज 5 हजार से ज्यादा श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।
हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति, चंबा और किन्नौर में भी बर्फबारी हुई है। मौसम विभाग के मुताबिक, पहाड़ी राज्यों में अगले 2 दिन बारिश और बर्फबारी जारी रहने की संभावना है।
इधर, पंजाब-हरियाणा के लिए तेज बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन राज्यों में अगले 36 घंटों तक लगातार बारिश हो सकती है। पंजाब के आठ जिलों पठानकोट, गुरदासपुर, जालंधर, लुधियाना और फिरोजपुर में बारिश होगी।
हरियाणा के अंबाला, पंचकुला, कैथल, करनाल और हिसार समेत कई इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। हालांकि 8 अक्टूबर के आसपास मौसम साफ हो जाएगा। हिमाचल प्रदेश में जल्दी बर्फबारी से पहाड़ों पर अक्टूबर के पहले हफ्ते में ही नवंबर-दिसंबर जैसी ठंड हो गई है। प्रदेश का औसत अधिकतम तापमान नॉर्मल से 11.5 डिग्री कम और बीते 24 घंटे में 8.6 डिग्री नीचे गिरा है। कई शहरों का पारा नॉर्मल से 18 डिग्री सेल्सियस तक कम हुआ है। चंबा का अधिकतम तापमान सामान्य से 17.8 डिग्री कम होने के बाद 14.7 डिग्री सेल्सियस रह गया है।