फ्रांस से साइकिल पर पंजाब पहुंची दंपति, 9 माह पहले शुरु की यात्रा, ईरान में खत्म होगी

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

Listen to this article

पंजाब 12 अप्रैल। फ्रांस से साइकिल पर 11 देशों की यात्रा करने वाला यह दम्पति कल राष्ट्रीय राजमार्ग 354 के माध्यम से डेरा बाबा नानक पहुंचा। इस अवसर पर फ्रांस से साइकिल से आए पति एंटोनी और उनकी पत्नी मियामी ने कहा कि वे साइकिल से एशिया की यात्रा पर हैं। उन्होंने 9 महीने पहले यानी जुलाई 2024 में फ्रांस के शहर वेंस से साइकिल यात्रा शुरू की थी। लॉजिस्टिक कंपनी में काम करने वाले एंटोनी और उनकी इंजीनियर पत्नी मियामी ने बताया कि वे जुलाई से फ्रांस से साइकिल से यात्रा कर रहे हैं। इस दौरान वह इटली, स्लोवेनिया, अल्बानिया, ग्रीस, ताजिकिस्तान, किर्गिस्तान, कजाकिस्तान, क्रोएशिया और चीन से होते हुए साइकिल से भारत पहुंचे हैं।

प्रतिदिन 90 किलोमीटर साइकिल चलाते हैं दोनों

एंटोनी और उनकी पत्नी मियामी ने बताया कि वे प्रतिदिन 90 किलोमीटर साइकिल चलाते हैं और अब तक 20,000 किलोमीटर की दूरी तय कर चुके हैं। उन्होंने बताया कि अब तक वे 10 हजार यूरो खर्च कर चुके हैं। वह गूगल मैप्स का उपयोग करके प्रतिदिन 90 किलोमीटर की यात्रा करते हैं और रविवार को वह अटारी सीमा के माध्यम से पाकिस्तान जाएंगे और फिर ईरान पहुंचकर अपनी साइकिल यात्रा समाप्त करेंगे।

पंजाब के लोगों से बहुत प्यार मिला

भारत यात्रा के दौरान पंजाब के डेरा बाबा नानक गए इस जोड़े ने कहा कि उन्हें पंजाब के लोगों का पहनावा और परांठा बहुत पसंद आया। वह विभिन्न देशों में साइकिल से यात्रा करते रहे हैं लेकिन उन्हें किसी प्रकार की परेशानी नहीं हुई। उन्होंने कहा कि विभिन्न देशों में साइकिल चलाने के बाद पंजाब के लोगों ने उनका हालचाल पूछा और उन्हें पंजाब के लोगों से बहुत प्यार मिला।

Leave a Comment