अहमदाबाद प्लेन क्रैश के बाद एहतियात बरत रही हैं सभी एयर लाइंस
चंडीगढ़, 22 जून। बीते दिनों अहमदाबाद प्लेन क्रैश के बाद हवाई यात्रियों की सुरक्षा को लेकर अब एयर लाइंस कोई खतरा मोल नहीं ले रही हैं। अब चंडीगढ़ में सुरक्षा के लिहाज से इंडिगो की फ्लाइट को कैंसिल किया गया।
जानकारी के मुताबिक चंडीगढ़ स्थित शहीद भगत सिंह अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे से इंडिगो की फ्लाइट 6-ई 146 को टेक ऑफ से पहले रद कर दिया गया। बताते हैं कि यह फ्लाइट चंडीगढ़ से लखनऊ के लिए रवाना होने वाली थी। टेक ऑफ से पहले तकनीकी खराबी के चलते फ्लाइट को रोक दिया गया और इसे रद्द कर दिया गया। बताया जा रहा है कि उड़ान से पहले की जांच के दौरान पायलट ने फ्लाइट में किसी समस्या की पहचान की।
एयरलाइन के सूत्रों के मुताबिक विमान में सैकड़ों यात्री सवार हो चुके थे। विमान के उड़ने से पहले ही तकनीकी खामी पकड़ में आ गई। एहतियातन सभी यात्रियों को सुरक्षित विमान से उतार लिया गया। विमान ने उड़ान नहीं भरी और उसे रनवे पर ले जाने से पहले ही रोक दिया गया। इसके बाद यात्रियों को वैकल्पिक उड़ानों से भेजा गया और उन्हें विमान कंपनी की तरफ से टिकट का पूरी राशि भी लौटा दी गई। हालांकि इंडिगो की ओर से इस बारे में अभी कोई अधिकारिक जानकारी नहीं दी गई कि आखिर किस वजह से फ्लाइट को रोका गया।
————-