पंजाब में न्यूनतम तापमान में गिरावट का दौर जारी है। गुरुवार को राज्य में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 0.3 डिग्री की कमी दर्ज की गई। अधिकतर जिलों में रात का तापमान 10°C के आसपास बना रहा। मौसम में आए बदलाव के बीच पराली जलाने की घटनाएं भी लगातार बढ़ रही हैं, जिससे प्रदूषण का स्तर और खराब हो रहा है। सख्त निर्देशों के बावजूद सीएम भगवंत मान के गृह जिले में पराली जलाने के सबसे अधिक मामले दर्ज किए गए हैं।
शहरों का तापमान रिकॉर्ड
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, गुरुवार को राज्य का औसत तापमान 0.3 डिग्री घटा। सभी शहरों में अधिकतम तापमान लगभग 30 डिग्री के करीब रहा। अमृतसर में 25.7 डिग्री, लुधियाना में 26.5 डिग्री, पटियाला में 27 डिग्री, पठानकोट में 26.5 डिग्री और बठिंडा में 29.4 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।
न्यूनतम तापमान की बात करें तो फरीदकोट में सबसे कम 7.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे नीचे है।
पराली जलाने के आंकड़े चिंताजनक
पंजाब में 15 सितंबर से 12 नवंबर तक इस सीजन में पराली जलाने के कुल 4,662 मामले सामने आए हैं। हैरानी की बात यह है कि इनमें से 3,020 मामले सिर्फ नवंबर माह में दर्ज हुए।
जिलावार आंकड़ों के मुताबिक, सबसे ज्यादा 402 मामले संगरूर से हैं, जो सीएम भगवंत मान का गृह जिला है। इसके बाद फिरोजपुर में 327, तरनतारन में 288, मोगा में 280, मुक्तसर में 278, मानसा में 294 और फाजिल्का में 178 घटनाएं दर्ज की गई हैं।
पराली के बढ़ते मामलों के कारण वायु गुणवत्ता लगातार बिगड़ रही है, जिससे लोगों को सांस लेने में दिक्कतें और स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं बढ़ रही हैं।





