राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ यानि आरएसएस की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य इंद्रेश कुमार ने भी भाजपा पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने बीजेपी को ‘अहंकारी’ और ‘रामद्रोही’ तक कह दिया। उनके बयान पर छिड़ी बहस के बीच विपक्ष भी भाजपा पर तंज कस रहा है। इसके पहले राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रमुख मोहन भागवत ने हाल ही में एक कार्यक्रम के दौरान कहा था कि एक साल से मणिपुर शांति की राह देख रहा है।
उल्लेखनीय है कि पिछले साल मई से मणिपुर जातीय हिंसा की चपेट में है। विपक्ष भी सरकार को इस मुद्दे पर घेरता रहा है। कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मणिपुर न जाने का मुद्दा भी उठाया था। इसके बावजूद आरएसएस प्रमुख की इस टिप्पणी के कई अर्थ लगाए जा रहे हैं। अब वीरवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य इंद्रेश कुमार ने भारतीय जनता पार्टी को अहंकारी बता दिया। जयपुर के नज़दीक ‘रामरथ अयोध्या यात्रा दर्शन पूजन समारोह’ में बीजेपी पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि 2024 में राम राज्य का विधान देखिए। जिनमें राम की भक्ति थी, उनमें धीरे-धीरे अहंकार आ गया। उन्हें 240 सीटों पर रोक दिया।
अब हर तरफ यह चर्चा शुरु हो गई है कि आखिर आरएसएस इस तरह भाजपा पर हमले क्यों कर रहा है। पार्टी की केंद्र में सरकार होने के बावजूद संघ का शीर्ष नेतृत्व इस तरह उसकी फजीहत क्यों करने पर तुला है। गौरतलब है कि ऐसा कोई पहली बार नहीं हो रहा है। रही आशंकाओं की बात तो यह गलतफहमी नहीं होनी चाहिए कि संघ किसी तरह से भी बीजेपी से पीछे छुड़ा रहा है। दोनों के बीच कटुता जैसा माहौल पहले भी कई बार बना और बाद में फिर सब कुछ सामान्य हो गया। इस बार भी कुछ ऐसा ही होने की गुंजाइश से कतई इंकार नहीं किया जा सकता है।