watch-tv

मुद्दे की बात : मुद्दों की राजनीति से भागता विपक्ष

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

Listen to this article

विपक्ष से बेहतर तो किसान जत्थेबंदियां !

पंजाब की आर्थिक राजधानी लुधियाना के पास नेशनल हाइवे पर देश का सबसे महंगा टोल प्लाजा लाडोवाल में है। रविवार को किसान जत्थेबंदियां एक बार फिर उसे वाहन चालकों के लिए फ्री करेंगी। किसानों का यह प्रतीकात्म-विरोध करने का एक अलग किस्म का तरीका है। भारतीय किसान मजदूर यूनियन ने चेतावनी दी है कि लाडोवाल टोल प्लाजा की पुरानी दरें लागू नहीं होने की वजह से यह कदम उठाएगी।
यहां गौरतलब है कि साल में तीसरी बार टोल की दरें बढ़ाई गई हैं। महंगे टोल से लोगों में भी गुस्सा है। चौतरफा महंगाई की मार झेल रहे आम आदमी की जेब काटने में नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया के एनएच-44 पर लाडोवाल टोल प्लाजा भी किसी तरह से पीछे नहीं है। यह भी काबिलेजिक्र है कि मौजूदा समय राज्य में सबसे महंगा रोड टैक्स वसूला जा रहा है। इसके बावजूद एनएचएआई इसकी दरें कम करने की बजाए हर साल इसमें बढ़ोतरी कर रहा है। अब इसका विरोध करते हुए भारतीय किसान मजदूर यूनियन आगे आई है। किसानों के विरोध के इस तरीके को कानूनी-नजरिए से तो गलत ही कहा जाएगा। जबकि लोगों की बिगड़ती आर्थिक हालत के नजरिए से जनता का एक बड़ा वर्ग किसानों के इस विरोध के तरीके का नैतिक समर्थन करता है।
दरअसल सत्ता-पक्ष टैक्स वसूली के मामले में हमेशा से मनमानी करता रहा है। जिस जगह से भी रेवेन्यू हासिल हो रहा है, वह मापदंड बेमानी साबित होते हैं। ऐसे में विपक्ष की भूमिका अहम हो जाती है कि वह सत्ता पक्ष से जनहित में महंगाई को लेकर जवाब-तलब करे। हाल ही में लोकसभा चुनाव के दौरान विपक्षी दलों ने केंद्र और राज्य सरकारों के खिलाफ महंगाई के मुद्दे पर थोड़ा बहुत शोर मचाया जरुर था। चुनाव निपटते ही विपक्ष मानों खामोश ही हो चुका है। इन हालात में आम आदमी खुद को ठगा महसूस कर रहा है। जबकि विपक्ष वाली जिम्मेदारी किसान निभा रहे हैं। अपनी मांगों को लेकर आंदोलित रहते हुए भी किसान लगातार जनहित की मुद्दों पर भी आवाज बुलंद करते रहे। नतीजतन आम लोगों को भी किसानों से आस बंधी है। दरअसल किसान काफी हद तक एकजुट हैं। सरकारें, राजनीतिक दल कुछ भी कहें, उनसे बेहतर मैनेजमेंट और एकजुटता तो किसान आंदोलन के दौरान दिखा चुके हैं। अगर विपक्ष का रवैया जनता के प्रति इसी तरह उदासीन रहा तो कोई शक नहीं, किसान जत्थेबंदियां भविष्य में मजबूत राजनीतिक-विकल्प भी बनकर सामने आ सकती हैं।
———-

Leave a Comment