फैली दहशत, दुकानदार और लोग हैरान, कैसे हो गया हादसा, मौके पर आई पुलिस पड़ताल में जुटी
अंबाला सिटी 24 अगस्त। शहर की मशहूर कपड़ा मार्केट के पास एक खाली पड़ी जगह पर धमाका हो गया। जिसके चलते एक महिला बुरी तरह से झुलस गई। महिला को लोगों ने शहर के नागरिक अस्पताल पहुंचाया। जहां से हालत नाजुक देखते हुए उनको पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया।
जानकारी के मुताबिक सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस और मामले की पड़ताल में जुट गई। घटनास्थल पर पहुंचे लोगों का कहना था कि कपड़ा मार्केट के पास जिस जगह धमाका हुआ, वहां पर कूड़ा-कचरा पड़ा रहता है। शायद उसमें ही कोई विस्फोटक वस्तु रही होगी, जिससे धमाका हो गया। हादसे के वक्त करीब 35 वर्षीय महिला सुबह 10 बजे यहां पर किसी कार्य से आई थी। धमाके की आवाज सुनकर जब स्थानीय लोगों ने जाकर देखा तो महिला के शरीर में आग लगी हुई थी।
लोगों ने किसी तरह आग को बुझाने के बाद झुलसी महिला को एंबुलेंस बुलाकर नागरिक अस्पताल भेजा। साथ ही पुलिस को घटना की जानकारी दी। बताते हैं कि महिला शहर के स्वामीया मोहल्ला की रहने वाली है। वहीं चिकित्सकों का कहना था कि महिला लगभग 80 प्रतिशत झुलस गई है।
————-