भूंदडी में विरोध प्रदर्शन कर रही महिलाओं ने तोड़े बैरिकेड, धरने में जुटे सैकड़ों गांववाले, पुलिस फोर्स तैनात
जगरांव 21 फरवरी। यहां गांव भूदड़ी में बायो गैस प्लांट लगाने का लंबे समय से विरोध जारी है। आसपास के गांवों के लोग भी लगातार यहां धरना प्रदर्शन कर रहे थे और यह विवाद शुक्रवार को गंभीर हो गया।
बताते हैं कि पुलिस ने गांव को छावनी में तब्दील कर बैरिकेड्स लगा दिए। ग्रामीणों ने किसान यूनियनों के नेतृत्व में धरने का ऐलान कर दिया। उन्होंने साफ किया कि वे बीमारियों से मरने की बजाए गोली खाना बेहतर समझेंगे, लेकिन गांव में बायो गैस प्लांट नहीं लगने देंगे। इसी बीच तनाव तब और बढ़ गया, जब महिलाओं ने मोर्चा संभालते हुए पुलिस के बैरिकेड्स उखाड़ दिए। गांववालों का आरोप है कि पुलिस कर्मियों ने महिलाओं के साथ धक्का-मुक्की की। इसके बाद ग्रामीण फैक्ट्री के नजदीक धरने पर बैठ गए और सतनाम वाहेगुरू का पाठ करने लगे।
धरने पर बैठी महिलाओं ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि पुरुष पुलिसकर्मियों को महिलाओं से धक्का-मुक्की का अधिकार किसने दिया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि पुलिस ने गांव को भारत-पाकिस्तान बॉर्डर जैसा बना दिया। सरकार इस प्लांट को गांव भूदडी में ही क्यों लगाना चाहती है, जबकि हजारों लोग इसका विरोध कर रहे हैं।