पंजाब : कांग्रेस के नए इंचार्ज बघेल से दिल्ली में मिले पार्टी के प्रदेश प्रधान वड़िंग

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

Listen to this article

पंजाब विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाजवा भी रहे साथ चर्चा के दौरान

चंडीगढ़ 18 फरवरी। पंजाब कांग्रेस के नए इंचार्ज व छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सक्रिय हो गए हैं। पंजाब कांग्रेस के प्रधान व सांसद अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग उनसे दिल्ली में मिले। इस दौरान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा भी साथ रहे।

जानकारी के मुताबिक यह मुलाकात दिल्ली में हुई। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता बाजवा ने मुलाकात के कुछ फोटो भी शेयर किए। जिसमें उनके साथ पंजाब कांग्रेस के प्रधान वड़िंग भी नजर आ रहे हैं। यहां बता दें कि करीब तीन दिन पहले ही पूर्व सीएम भूपेश बघेल को राज्य का नया प्रभारी नियुक्त किया गया था। कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने यह जानकारी साझा की थी।

वड़िंग और बाजवा से मुलाकात में बघेल ने मुख्य तौर पर सूबे में कांग्रेस की स्थिति और लोगों से ग्राउंड कनेक्ट को लेकर चर्चा की। साथ ही मौजूदा स्थिति से अवगत होने के लिए पंजाब के हर जिले के बारे में विस्तार से जानकारी ली। पंजाब की राजनीति में बघेल की नियुक्ति को अहम माना जा रहा है। वे संगठन को मजबूत करने और आगामी चुनावों के लिए रणनीति बनाने की जिम्मेदारी संभालेंगे।

यहां काबिलेजिक्र है कि बघेल के नेतृत्व में कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ में प्रभावी प्रदर्शन किया था। अब पार्टी को उम्मीद है कि वे पंजाब में भी कांग्रेस को फिर से मजबूत करेंगे। लोकसभा और विधानसभा उप-चुनाव में अच्छे प्रदर्शन के बाद कांग्रेस 2027 में बहुमत हासिल करने की कोशिश में जुटी है।

———-

 

Leave a Comment