watch-tv

सपा -कांग्रेस खून चुसवा, जनता सावधान रहे 

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

Listen to this article

मिल्कीपुर अयोध्या में सीएम योगी ने इंडी गठबंधन को जमकर लताड़ा

 

लखनऊ 17 नवम्बर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने फैजाबाद लोकसभा क्षेत्र के मिल्कीपुर, अयोध्या में पब्लिक मीटिंग में सपा और कांग्रेस पर जबर्दस्त प्रहर किया । उन्होंने इन दोनों दलो को खून चुसवा करार दिया और कहा कि जब भी यह आपस में मिले हैं कोई न कोई अपशकुन जरूर होता है। गौरतलब है कि इस बार फिर से बीजेपी ने लल्लू सिंह को अपना उम्मीदवार बनाया है। सीएम योगी ने कहा कि कांग्रेस और सपा का वर्तमान संस्करण बहुत खतरनाक हैं। जब भी ये दोनों मिलते हैं मानकर चलिए कि कोई अपशकुन होने वाला है। समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के इस नए संस्करण को ’खून चुसवा’ कहते हैं। औरंगजेब की आत्मा इनके अंदर घुस गई है। ये देश के लोगों से जजिया कर वसूलना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि आज जो माहौल देश के अंदर बन रहा है इसमें हम सबको सहभागी बनना है। ये अवसर कमल पर वोट करके लोक और परलोक दोनों सुधारने का है। विकसित भारत की परिकल्पना को साकार करना है तो यह केवल भाजपा ही कर सकती है। मोदी जी भारत के विकास के रथ के सारथी हैं। महाभारत के इस युद्ध में वह श्रीकृष्ण की भूमिका में हैं और जहां मोदी जी होंगे, कमल का फूल होगा तो विजय अवश्य होनी है। वहीं, रामद्रोहियों की जमानतें जब्त होंगी।

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि कांग्रेस, सपा और बसपा ये तीनों केवल आज के दिन पर वोट कटवा हैं। सपा और कांग्रेस जब आपस में मिलते हैं तो कोई न कोई गड़बड़ जरूर करते हैं। जब राज्य में समाजवादी पार्टी की सरकार थी और केंद्र में कांग्रेस की सरकार थी तब अयोध्या में रामजन्म भूमि पर हमला हुआ था। इस बार इन्होंने अनुसूचित जाति, जनजाति और पिछड़ी जाति के आरक्षण पर सेंध लगाने की साजिश की है। इनका गरीबी हटाओ का मॉडल बहुत खतरनाक है। ये कहते हैं कि एक झटके में गरीबी हटा देंगे। किसी ने पूछा कैसे हटाएंगे तो कहा कि संपत्ति का सर्वे करेंगे और फिर जो आपके बाप, दादा की संपत्ति होगी उसमें से आधी संपत्ति ले लेंगे और समाजवादी पार्टी के गुंडों में बांट देंगे। उन्होंने कहा कि कमल के फूल पर जब वोट पड़ता है वही मोदी और योगी को ताकत देता है। यही ताकत है जिसने 500 वर्षों की समस्या का समाधान एक झटके में करके आपको और वर्तमान पीढ़ी को गौरव की अनुभूति कराई है। एक तरफ ये विकास है और दूसरी तरफ गरीब कल्याण भी है। कांग्रेस-सपा के समय राशन माफिया हावी थे। भाजपा के समय माफिया को जहां पहुंचाना था पहुंचा दिया। पूरे देश के अंदर अभी तीन चरण के चुनाव बाकी हैं, लेकिन यह पहला चुनाव है जब एक ही नारा गूंज रहा है और वह नारा है फिर एक बार मोदी सरकार और अबकी बार 400 पार। जब लोग बोलते हैं कि 400 पार कैसे? तो जनता कह देती है कि जो राम को लाए हैं, हम उनको लाएंगे।

उन्होंने कहा कि यह बोलने में कोई संकोच नहीं है कि वर्तमान का यह चुनाव पूरे देश के अंदर रामद्रोही और रामभक्तों के बीच बंट गया है। रामद्रोही वही जो रामभक्तों पर गोलियां चलाते हैं। रामद्रोही वही जो हमारे रामलला की जन्मभूमि पर हमला करने वालों पर मुकदमे वापस लेते हैं। रामद्रोही वही जो कहते हैं कि अयोध्या में राम मंदिर बेकार बना है। रामद्रोही वही जो राम भक्त कल्याण सिंह जी की मृत्यु पर संवेदना व्यक्त नहीं करते लेकिन माफिया के मरने पर मातम मनाने जरूर जाते हैं। रामद्रोही वही जो देश के अंदर आतंकवाद और नक्सलवाद की जड़ हैं। रामद्रोही वही जो भारत का विकास नहीं चाहते। रामद्रोही वही जो विकास के कार्यों में जगह-जगह बैरियर बनते हैं और रामद्रोही वही जो गरीब के हक पर डकैती डालते हैं। इसमें सबसे पहला नाम आता है समाजवादी पार्टी और कांग्रेस का।

 

मिल्कीपुर अयोध्या की इस रैली में भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष संजीव सिंह, जिला प्रभारी मिथलेश त्रिपाठी, विधायक रामचंद्र यादव, पूर्व विधायक गोरखनाथ बाबा, जिला पंचायत अध्यक्ष रोली सिंह, क्षेत्रीय महामंत्री विजय प्रताप सिंह, पूर्व विधायक रामू प्रियदर्शी, रामदेव आचार्य, विधानसभा रुदौली के प्रभारी कमला शंकर पांडे, विधानसभा के संयोजक मिल्कीपुर जनार्दन मौर्य, रघुनंदन चौरसिया, वासुदेव मौर्य, राघवेंद्र पांडे, महापौर गिरीश पति त्रिपाठी एवं महंत राजू दास उपस्थित रहे।

Leave a Comment