watch-tv

अमृतसर : एनआरआई पर जानलेवा हमले के मामले में सनसनीखेज खुलासा, ससुरालियों ने रची साजिश

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

Listen to this article

एनआरआई की पहली पत्नी के पिता समेत पांच आरोपी गिरफ्तार, फरार हमलावर भी ट्रेस, दोनों शातिर अपराधी

अमृतसर 25 अगस्त। यहां दुबुर्जी में शनिवार को एनआरआई सुखचैन सिंह पर घर में घुसकर फायरिंग करने के मामले में सनसनीखेज खुलासे हुए हैं। इस मामले की गुत्थियां सुलझाते पुलिस ने खुलासा किया कि एनआरआई की पहली पत्नी के परिजनों ने ही हमले की साजिश रची थी। लिहाजा उसके पिता के अलावा चार अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया। जिन्होंने एनआरआई पर फायरिंग करने वाले हमलावरों की मदद की थी।
दूसरी तरफ, पुलिस का दावा है कि हमलावरों की भी पहचान हो चुकी है, जल्द ही उन्हें भी पकड़ लिया जाएगा। जांच के बाद स्पष्ट हो गया कि हमला करने वाले गुरिंदर सिंह सुक्खा ग्रनेड निवासी कपूरथला और जालंधर निवासी गुरकीरत सिंह गुर्री हैं। वहीं पुलिस ने तरनतारन निवासी जगजीत सिंह और चमकौर सिंह को गिरफ्तार किया। आरोपियों ने हमलावरों की घटना से पहले और बाद में मदद की थी। वहीं एक होटल का मालिक जगदंबर अतरी और अभिलाष भास्कर को भी अरेस्ट किया। इन्होंने हमलावरों को बिना आईडी के अपने होटल में पनाह दी थी।
अमृतसर के पुलिस कमिश्नर रणजीत सिंह ढिल्लों के मुताबिक एनआरआई सुखचैन पर हमला कराने वाले उसकी पहली पत्नी के मायके वाले ही हैं, जो अमेरिका में ही रह रहे हैं। यह एक पारिवारिक मामला था। एनआरआई की पहली मृतक पत्नी के भाई ने हमलावरों को पैसे ट्रांसफर किए थे। उधर, पुलिस टीम एनआरआई की मृतक पत्नी के मायके होशियारपुर स्थित टांडा पहुंची। जहां उसके पिता को अरेस्ट कर लिया। गोलियां चलाने वाला एक आरोपी जालंधर और दूसरा कपूरथला का है। दोनों का क्रिमिनल बैकग्राउंड है।
दोनों के खिलाफ एलओसी जारी की गई है, ताकि वे विदेश ना भाग सकें। हमलावरों की बाइक की भी डिटेल्स मिल गई हैं।
एनआरआई सुखचैन के फैमली मेंबर परमजीत सिंह के मुताबिक एनआरआई का अपनी पहली पत्नी के परिवार से विवाद चल रहा था। उसकी पहली पत्नी ने 2022 में आत्महत्या कर ली थी। इसके बाद मृतक पत्नी के मायके पक्ष की ओर से एफआईआर दर्ज कराई गई थी। जिसमें सुखचैन सिंह, उनके भाई और मां नामजद थे। हालांकि सुखचैन सिंह और उनके भाई तब विदेश में थे। जांच के बाद सिर्फ मां के खिलाफ कोर्ट में मामला चल रहा है। तकरीबन एक महीने पहले दूसरी पत्नी का एक्सीडेंट होने के बाद से दुबुर्जी में ही रुके हुए थे। परिजनों के मुताबिक सुखचैन को उनकी पहली पत्नी के मायके वाले लगातार धमकियां दे रहे थे। हालांकि सुखचैन अनदेखा करते रहे।
नतीजतन कल दो युवकों ने घर में घुसकर उन पर फायरिंग कर दी। फिलहाल घायल सुखचैन का अस्पताल में इलाज जारी है। एक गोली उनके जबड़े व दूसरी बाजू में लगी है।
————

Leave a Comment