मुख्यमंत्री नायब सैनी का ऐलान, उनकी सरकार युवाओं के साथ, बातचीत को चार मेंबरी कमेटी गठित
हिसार, 20 जून। हरियाणा एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी के आंदोलित छात्रों से सूबे की सैनी सरकार बातचीत करेगी। इसके लिए सरकार ने चार मेंबरी कमेटी बना दी है।
जानकारी के मुताबिक इस कमेटी में तीन कैबिनेट मंत्री और एक विधायक को शामिल किया गया है। इस कमेटी में शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा, लोक निर्माण विभाग मंत्री रणबीर गंगवा, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण बेदी और नलवा से विधायक रणधीर पनिहार को शामिल किया गया है। ये चार सदस्यीय कमेटी स्टूडेंट्स से बातचीत करेगी। वहीं, सीएम नायब सिंह सैनी ने कहा है कि हरियाणा सरकार हर मोर्चे पर युवाओं और छात्रों के साथ खड़ी है। युवाओं की कोई भी समस्या हर हाल में हल कराएंगे।
यहां बता दें कि हरियाणा के हिसार स्थित चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय में दस जून की रात वाइस चांसलर आवास के बाहर सिक्योरिटी गार्ड्स ने स्टूडेंट्स पर लाठीचार्ज कर दिया था। इसमें 20 से ज्यादा स्टूडेंट घायल हो गए थे। छह स्टूडेंट्स को गंभीर चोटें आई थीं, जिन्हें सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया था। दरअसल मंगलवार सुबह स्टूडेंट दोपहर को स्कॉलरशिप पॉलिसी के विरोध में वीसी से मिलने पहुंचे थे। यहां उनका सिक्योरिटी गार्ड्स के साथ विवाद हो गया था।
स्टूडेंट्स का आरोप था कि उनके साथ मारपीट की गई। रात को वे इसके विरोध में वीसी आवास के बाहर पहुंचे तो सिक्योरिटी गार्ड्स ने उन्हें दोबारा खदेड़कर लाठीचार्ज कर दिया। इसके बाद स्टूडेंट्स की शिकायत पर सिविल लाइन थाने की पुलिस ने यूनिवर्सिटी के सिक्योरिटी इंचार्ज समेत कई लोगों पर केस दर्ज कर लिया था। साथ ही आरोपी प्रोफेसर को भी अरेस्ट किया था।
————-