झज्जर में जटेला धाम में पूर्णिमा महोत्सव में मुख्यमंत्री नायब सैनी ने की पर्यावरण मेगा अभियान की शुरुआत
झज्जर, 12 जून। हरियाणा को हरहाल में खुशहाल बनाने के लिए मुख्यमंत्री नायब सैनी की कवायद जारी है। उन्होंने यहां जटेला धाम में स्वामी नित्यानंद के 225वें निर्वाण दिवस पर आयोजित पूर्णिमा महोत्सव में अहम ऐलान किया। इस दौरान उन्होंने जटेला धाम को संतों की तपोभूमि और स्वामी नित्यानंद की तपस्थली बताते हुए यहां पर्यावरण व स्वास्थ्य सुविधाओं को बढ़ावा देने वाली कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।
सैनी ने जटेला धाम से पर्यावरण संरक्षण के लिए एक मेगा अभियान की शुरुआत की। जिसेके तहत जिले में 82,125 पौधे लगाए जाएंगे। साथ ही उन्होंने प्रदेश में एक करोड़ 62 लाख पौधे लगाने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य भी निर्धारित किया। सैनी ने कहा कि जन सहयोग से यह लक्ष्य निश्चित रूप से पूरा होगा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के एक पेड़ मां के नाम अभियान की भी सराहना की।
मुख्यमंत्री ने जटेला धाम में 225 बेड के आयुर्विज्ञान संस्थान के निर्माण के प्रथम चरण का शुभारंभ किया। इस परियोजना के लिए उन्होंने अपनी ओर से 31 लाख रुपये और कैबिनेट मंत्रियों डॉ. अरविंद शर्मा व कृष्ण बेदी की ओर से 11-11 लाख रुपये की आर्थिक सहायता की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा में 27 मेडिकल कॉलेज खोलने का लक्ष्य है, जिनमें से कुछ पर काम पूरा हो चुका है और शेष पर जल्द प्रगति होगी।
———–