नूंह में अवैध वसूली के आरोप में एसएचओ पर केस दर्ज, डंपर मालिकों से ‘मंथली’ ना मिलने फाड़ देता था डंपर का टायर
हरियाणा/31 जुलाई। करप्शन के खिलाफ मुहिम चलाने वाली सूबे की हरियाणा सरकार ने एक बार फिर बड़ा एक्शन किया है। नूंह जिले में ओवरलोड डंपरों से अवैध वसूली के आरोपी फिरोजपुर झिरका थाने के तत्कालीन थाना प्रभारी अमन यादव और कई अन्य पुलिसकर्मियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया।
जानकारी के मुताबिक यह कार्रवाई पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट के आदेश पर की गई। जिससे पुलिस महकमे में हड़कंप मचा है, दरअसल जांच के दायरे में कुछ और पुलिसकर्मियों व अधिकारियों के आने की संभावना है। मुख्य आरोपी अमन यादव मौजूदा समय में नूंह के साइबर थाना प्रभारी हैं। इस मामले की जांच झिरका के डीएसपी अजायब सिंह को सौंपी है। यादव पर आरोप है कि वह डंपरों से अवैध वसूली के साथ उनसे मंथली भी लेते थे। डंपर मालिकों ने उनके खिलाफ शिकायत दी थी कि पैसे ना मिलने पर एसएचओ उनके डंपरों के टायर तक फाड़ देते थे।
यह मामला 5 अप्रैल 2025 की रात का है। पुलिस को दी शिकायत में एक डंपर मालिक परवेज ने फिरोजपुर झिरका थाने के तत्कालीन प्रभारी पर आरोप लगाते हुए कहा था कि 5 अप्रैल की रात उसका डंपर फिरोजपुर झिरका होते हुए राजस्थान की ओर जा रहा था। तभी सामने खड़ी पीसीआर वैन ने डंपर को रुकवा लिया। शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया था कि वह गाड़ी फिरोजपुर थाना प्रभारी अमन यादव की थी।