चंडीगढ़ : सीबीआई रेड में फायर स्टेशन अफसर, फायरमैन के घर से 4 लाख रुपये जब्त

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

Listen to this article

आरोपियों को सीबीआई ने 80 हजार रिश्वत मामले में किया था गिरफ्तार

चंडीगढ़ 9 नवंबर। यहां मनीमाजरा फायर स्टेशन के अधिकारी दशहरू सिंह और लीडिंग फायरमैन कमलेश्वर के घरों पर सीबीआई ने रेड की। आरोपियों के यहां से चार लाख रुपये जब्त किए गए। आरोपियों को 80 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार किया गया था।

जानकारी के मुताबिक सीबीआई ने दोनों आरोपियों के घरों से चार लाख कैश, संपत्ति के दस्तावेज और सोने के गहने बरामद किए। यह कार्रवाई इंजीनियर दीपक शर्मा की शिकायत पर की गई थी। उन्होंने इन दोनों अधिकारियों पर रिश्वत मांगने का आरोप लगाया था। दीपक शर्मा वीके फायर सेफ्टी एंड सिस्टम कंपनी में कार्यरत हैं। उनके मुताबिक सैक्टर-8 स्थित उनके शोरूम में अग्निशमन उपकरण और फायर अलार्म लगाने के लिए एनओसी की आवश्यकता थी। इसके लिए उन्होंने आवेदन किया तो आरोपी दशहरू और कमलेश्वर दो बार साइट का निरीक्षण करने पहुंचे। फिर एनओसी जारी करने के एवज में एक लाख रुपए की मांग की।

शिकायकर्ता के मुताबिक बाद में मामला 80 हजार रुपए में तय हुआ। दीपक ने इस अवैध मांग की शिकायत सीबीआई से की। जिसने मनीमाजरा फायर स्टेशन पर जाल बिछाकर दोनों को 80 हजार रुपए लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी कर उनके घरों पर रेड के बाद दोनों को अदालत में पेश किया गया। उन्हें 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

———-