रातभर चलाया अभियान रहा कामयाब, सुरक्षा के नजरिए से प्लांट के स्टाफ को दो दिन की छुट्टी दे दी गई थी
रोहतक, 3 मई। यहां मारुति प्लांट के कैंपस में घुसा तेंदुआ आखिरकार शनिवार सुबह 28 घंटे बाद पकड़ में आ सका। वन्य प्राणी विभाग की टीम उसे पिंजरे में बंद कर यमुनानगर के कलेसर-जंगल में छोड़ आई।
तेंदुए के पकड़े जाने से मारुति प्लांट के कर्मचारियों, प्रशासन, बलियाना व खेड़ी साध के ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। मारुति प्लांट करीब एक हजार एकड़ में फैला है, जिसके चारों तरफ सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। शुक्रवार सुबह आठ बजे जब सुरक्षाकर्मियों ने कैमरे की फुटेज की जांच की तो पता चला कि रात को करीब दो बजे एक तेंदुआ प्लांट के अंदर घुसा है। इसके बाद कंपनी कर्मचारियों ने आला अधिकारियों को इसकी सूचना दी। साथ की कर्मचारियों की छुट्टी कर दी गई।
इसके बाद से आस-पास के इलाकों के लोगों में दहशत थी। तभी तेंदुए को पकड़ने के लिए टीम बनाई गई। शुक्रवार को दिन में टीम को सफलता नहीं मिलने के बाद अधिकारियों ने रातभर अभियान चलाया।
————–