होटल में प्रेमी जोड़े के जहर निगलने में खुलासा:युवक बदहवासी की हालत में बाहर निकला तो पता चला; परिजन बोले-रिश्ते का पता नहीं था

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

Listen to this article

18 सितम्बर – हरियाणा कैथल में पूंडरी के एक निजी होटल में जहर खाकर अपनी जीवन लीला समाप्त करने वाला युवक सुखविंद्र पूंडरी के करोड़ा गांव का रहने वाला था। वह मंगलवार को घर से काम पर जाने की बात कहकर निकला था। वहीं, युवती राजवंत बिना किसी को बताए होटल पहुंची थी। युवती के परिजनों ने बताया कि उन्हें इस बारे में कोई जानकारी नहीं थी कि लड़की कहीं जा रही है। युवती के पिता की पहले ही मृत्यु हो चुकी है। वह तीन बहनों में से एक थी, जिसमें से एक की शादी हो चुकी है। उनकी मां मजदूरी करती हैं। बुधवार देर रात सुखविंद्र का उनके गांव, करोड़ा में अंतिम संस्कार कर दिया गया। सुखविंद्र कम पढ़ा-लिखा था और मजदूरी करता था। उसका भाई, खुशी राम, गांव में ही मोटरसाइकिल मिस्त्री है। मंगलवार को सुखविंद्र (20) और राजवंत (18) बिना किसी को बताए पूंडरी के ग्रीन फील्ड होटल पहुंचे। दोनों ने दोपहर 1ः18 बजे होटल में एंट्री ली और कहा कि उन्हें दो घंटे के लिए कमरा चाहिए। होटल स्टाफ ने बताया कि चेक-इन के दौरान सुखविंद्र से पहचान पत्र मांगा गया, जिसे उसने वॉट्सएप के माध्यम से दिखाया। दोनों के पास कोई सामान नहीं था और उनके हाथ खाली थे। संभव है कि उस समय जहर उनकी जेब में था। स्टाफ ने बताया कि कमरे में जाने के करीब सवा घंटे बाद सुखविंद्र अचानक बाहर आया। वह अर्धबेहोशी की हालत में था और पानी मांगने लगा। उसकी तबीयत लगातार बिगड़ रही थी। कर्मचारियों ने कारण पूछा तो युवक ने कुछ नहीं बताया। इसके बाद होटल स्टाफ ने पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस ने दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया। होटल में पूछताछ में युवक ने बताया कि दोनों ने जहर खा लिया है। वहां डॉक्टरों ने हाबड़ी निवासी राजवंत को मृत घोषित कर दिया। पुलिस जांच के मुताबिक, दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन उनके परिवार इस रिश्ते के खिलाफ थे। इस कारण दोनों ने घर से भागकर आत्महत्या करने का निर्णय लिया। युवती की मौत के नौ घंटे बाद युवक सुखविंद्र भी दम तोड़ दिया। पुलिस ने सिविल अस्पताल में दोनों का पोस्टमॉर्टम कराकर शव उनके परिजनों को सौंप दिए।