15 सितम्बर – कांग्रेस नेता राहुल गांधी आज पंजाब दौरे पर हैं। वह सुबह करीब साढ़े 9 बजे अमृतसर एयरपोर्ट पर पहुंचे। इसके बाद वह गांव घोनेवाल रवाना हुए। यहां उन्होंने बाढ़ प्रभावित लोगों से मुलाकात की। इसके बाद वह गुरुद्वारा बीड़ बाबा बुड्ढा साहिब में माथा टेकने के लिए रवाना हुए।
घोनेवाल गांव में कुछ दिन पहले बांध टूटा था। इससे फसल के साथ घर डूब गए थे।
राहुल गांधी के साथ पंजाब कांग्रेस के प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग और विधानसभा में विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा भी मौजूद हैं। राहुल गांधी गुरदासपुर और पठानकोट भी जाएंगे।
बाढ़ से 23 जिलों के 2 हजार 97 गांव प्रभावित हुए। लगभग 1 लाख 91 हजार 926 हेक्टेयर में फसलें डूब गईं। 15 जिलों में 52 लोगों की मौत हो चुकी है।
5 दिन पहले पीएम नरेंद्र मोदी ने पंजाब का दौरा किया था। उन्होंने हालात को देखते हुए पंजाब को 1600 करोड़ रुपए देने का ऐलान किया था। इसे पंजाब की मान सरकार ने नाकाफी बताया था। पंजाब के सभी 23 जिले बाढ़ की चपेट में आए हैं। करीब 2 हजार 97 गांव जलमग्न हुए। अब तक 3 लाख 88 हजार 92 से ज्यादा लोग प्रभावित हुए हैं। प्रशासन और राहत एजेंसियों की ओर से राहत अभियान अभी तक चलाया जा रहा है। 23 हजार से ज्यादा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। पंजाब में 1988 में भयंकर बाढ़ आई थी। अब 2025 में ऐसी ही त्रासदी से लोग प्रभावित हुए हैं। राज्य सरकार ने इसे आपदा घोषित किया हुआ है। सरकार ने किसानों को फसलों के नुकसान पर 20 हजार प्रति एकड़ देने का ऐलान किया है। साथ ही मृतकों के परिवारों को 4-4 लाख रुपए दिए जाएंगे। जो रेत खेतों में बहकर आई है, उसे किसानों को उठाने की मंजूरी दी है।
पंजाब ने बाढ़ प्रभावितों के लिए मांगे थे 20 हजार करोड़: बारिश और बाढ़ से हुए हुए नुकसान के आधार पर पंजाब सरकार ने केंद्र से 20 हजार करोड़ के राहत पैकेज की मांग की थी। इसके अलावा रुके हुए 60 हजार करोड़ रुपए तुरंत जारी करने की मांग भी की थी। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने वर्तमान हालात पर चिंता जताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र भी लिखा था।
